श्रीगंगानगर में नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के नाम तय करने में जुटी हैं। भाजपा रविवार देर शाम या सोमवार सुबह नगरपरिषद और जिले की 10 नगरपालिकाओं के पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी कर सकती है। भाजपा ने सभी बैठकों के बाद पैनल प्रदेश नेतृत्व को भेज दिए हैं, जबकि कांग्रेस भी रविवार शाम सूची जारी कर सकती है। भाजपा की सभी बैठकें पूरी, प्रदेश नेतृत्व को भेजे पैनल भाजपा जिलाध्यक्ष शरणपाल सिंह ने बताया कि नगरपरिषद और नगरपालिकाओं में टिकट वितरण को लेकर सभी बैठकें पूरी हो चुकी हैं। टिकटों को लेकर अंतिम दौर का विचार-विमर्श भी पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि सभी की सहमति से पैनल तैयार कर प्रदेश नेतृत्व को भेजे जा चुके हैं। प्रदेश नेतृत्व ने सभी प्रत्याशियों का फीडबैक भी ले लिया है। इसी फीडबैक के आधार पर प्रत्याशियों के नामों का चयन किया जाएगा। शरणपाल सिंह ने कहा कि भाजपा रविवार शाम या सोमवार सुबह प्रत्याशियों की सूची जारी कर सकती है। भाजपा की ओर से श्रीगंगानगर नगरपरिषद के साथ जिले की 10 नगरपालिकाओं के प्रत्याशियों की सूची एकसाथ जारी की जाएगी। भाजपा महामंत्री बोले- देर रात सूची आने की संभावना भाजपा महामंत्री प्रदीप धेरड़ ने कहा कि रविवार देर रात प्रत्याशियों की टिकट सूची जारी होने की संभावना है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को वार्डों में प्रत्याशी नहीं मिल रहे हैं। यही वजह है कि कांग्रेस भाजपा की सूची जारी होने का इंतजार कर रही है। प्रदीप धेरड़ ने कांग्रेस में आपसी फूट होने का भी दावा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की आपसी फूट इस चुनाव में सामने आ जाएगी। धेरड़ ने दावा किया कि नगरपरिषद सहित जिले की 10 नगरपालिकाओं में भाजपा का बोर्ड बनेगा। कांग्रेस भी आज शाम जारी कर सकती है सूची वहीं, कांग्रेस जिलाध्यक्ष रुपिंदर सिंह कुन्नर ने कहा कि रविवार देर शाम प्रत्याशियों की सूची जारी हो सकती है। उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधि और प्रदेश नेतृत्व प्रत्याशियों की सूची जारी करने को लेकर लगातार मंथन कर रहे हैं। कांग्रेस की ओर से भी रविवार शाम प्रत्याशियों के नाम जारी किए जाने की संभावना है।