रिपोर्ट में जयपुर और जोधपुर भी झालावाड़ से पीछे प्रदेश में सरकारी चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों को मानकों के अनुरूप इलाज मुहैया कराने में झालावाड़ ने पूरे राजस्थान में पहला स्थान हासिल किया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) द्वारा जारी नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड्स (एनक्यूएएस) की ताजा रिपोर्ट में झालावाड़ ने बड़े-बड़े जिलों को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि दर्ज की है। जिले के 120 चिकित्सा संस्थान स्टेट और नेशनल क्वालिटी सर्टिफिकेट हासिल कर चुके हैं। इनमें 65 संस्थान स्टेट और 55 संस्थान नेशनल स्तर पर प्रमाणित हैं। यह उपलब्धि चिकित्सा संस्थानों में उपचार व्यवस्था, मरीजों की सुविधाओं, साफ-सफाई, संक्रमण नियंत्रण, दवाओं की उपलब्धता, जांच सेवाओं, रिकॉर्ड संधारण, इंफ्रास्ट्रक्चर और मरीजों के अधिकार जैसे तय मानकों पर खरा उतरने के बाद मिली है। नवगठित जिलों ने भी किया बेहतर प्रदर्शन, ब्यावर दूसरे नंबर पर रहा इस रैंकिंग ने प्रदेश के स्थापित और बड़े जिलों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। जयपुर-I जहां 21वें पायदान पर है, वहीं जोधपुर 33वें और अलवर 34वें स्थान पर पिछड़ गया है। सीमावर्ती जिला बाड़मेर 42वें स्थान के साथ सबसे नीचे है। इसके विपरीत नवगठित जिलों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। ब्यावर दूसरे, सलूंबर चौथे और कोटपूतली-बहरोड़ 12वें स्थान पर रहा है। क्वालिटी सर्टिफिकेशन के लिए राष्ट्रीय स्तर की टीम चिकित्सा संस्थानों में इलाज की व्यवस्था, मरीजों को मिलने वाली सुविधाएं, साफ-सफाई, संक्रमण नियंत्रण, दवाओं की निर्बाध उपलब्धता, जांच सेवाएं, रिकॉर्ड संधारण, इंफ्रास्ट्रक्चर और मरीजों के अधिकारों जैसे दर्जनों कड़े मानकों की जांच करती है। इन पर 100 फीसदी खरा उतरने के बाद ही सर्टिफिकेट जारी होता है। डिप्टी सीएमएचओ परिवार कल्याण एवं क्वालिटी कंट्रोल के नोडल अधिकारी डॉ. अरविंद नागर ने बताया कि इसका सीधा संबंध वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से है। प्रमाणन से पहले बाहरी मूल्यांकन में संस्थान की व्यवस्थाओं को कई मानकों पर परखा जाता है। क्या है एनक्यूएएस सर्टिफिकेशन? एनक्यूएएस कार्यक्रम सरकारी अस्पतालों में गुणवत्ता सुधारने की पहल है। नेशनल टीम अस्पताल की 8 प्रमुख श्रेणियों ओपीडी, आईपीडी, लेबर रूम, लैब, फार्मेसी आदि का ऑडिट करती है। 70% या उससे अधिक अंक पाने वाले अस्पतालों को ही प्रमाण पत्र मिलता है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा जारी एनक्यूएएस स्टेटस की ताजा रिपोर्ट में झालावाड़ प्रथम रहा है।- डॉ. साजिद खान, सीएमएचओ