कासं|सवाई माधोपुर नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत आगामी 9 सितंबर को होने वाले मतदान में अधिकाधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को शहीद कैप्टन रिपुदमन सिंह राजकीय महाविद्यालय में निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों एवं नवमतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विचारों के माध्यम से मतदान के प्रति जागरूकता का सशक्त संदेश दिया। जिला स्वीप कोऑर्डिनेटर संतोष कुमार शर्मा ने प्रतियोगिता के दौरान बताया कि विद्यार्थियों ने अपने निबंधों के माध्यम से अधिकाधिक मतदान, निर्भय एवं निष्पक्ष मतदान तथा नैतिक रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की बात पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। मतदाताओं को चाहिए कि वे बिना किसी भय, प्रलोभन अथवा दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। सतरंगी सप्ताह के तहत हो रहे आयोजन जिला निर्वाचन कार्यालय, सवाई माधोपुर की ओर से 'सतरंगी सप्ताह' के तहत मतदाता जागरूकता के लिए लगातार विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को मतदान प्रक्रिया, मताधिकार के महत्व तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष और नैतिक मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है, जिससे चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान का लक्ष्य हासिल किया जा सके। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. धीरेन्द्र सिंह जादौन, ईएलसी जिला समन्वयक कॉलेज प्रोफेसर राजेश कुमार मीणा, कॉलेज ईएलसी प्रभारी डॉ. धर्मेन्द्र कुमार मीणा, सहायक आचार्य मोनिशा मीणा सहित स्वीप टीम के हुकमचन्द नामा, मनीष कुमार शर्मा, विजेन्द्र पाल सिंह आमेरा, सुनील गर्ग एवं चन्द्र प्रकाश शर्मा उपस्थित रहे।