खैरथल-तिजारा जिले में नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने शनिवार को टपूकड़ा और भिवाड़ी क्षेत्र का दौरा कर 20 मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और निर्भीक मतदान के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने टपूकड़ा के 8 और भिवाड़ी के 12 मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित बीएलओ से मतदाताओं की संख्या, मतदान केंद्र की स्थिति और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मतदान स्थल के साथ-साथ स्टोर और मतगणना स्थल की व्यवस्थाएं भी देखीं। बूथों पर रोशनी, पानी और रैंप की व्यवस्था हो कलेक्टर ने मतदान कक्षों में पर्याप्त रोशनी के लिए आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त लाइट लगाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक मतदान केंद्र पर पेयजल, बिजली, रैंप और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। मतगणना स्थल पर लेआउट, सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं की तैयारियां भी समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। संवेदनशील बूथों पर विशेष सुरक्षा पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने अधिकारियों और चुनाव कार्मिकों को चुनाव संबंधी सभी प्रोटोकॉल की पूर्ण पालना के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था करने, पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात करने और उड़न दस्ते की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। भय या दबाव का माहौल बनाने वाले असामाजिक तत्वों पर भी कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए। कक्षा में पहुंचे कलेक्टर, बच्चों से पूछे सवाल निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने स्कूलों में छात्रों से भी संवाद किया। उन्होंने कक्षा के स्तर के अनुरूप विभिन्न सवाल पूछकर बच्चों की शैक्षणिक समझ परखी। कलेक्टर ने छात्रों को गणित के विभिन्न सिद्धांत और अवधारणाएं समझाते हुए विषय को रटने के बजाय समझकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान आरओ टपूकड़ा कृष्ण यादव, एआरओ शैतान सिंह यादव, नगर परिषद आयुक्त सुरेश मीणा सहित संबंधित अधिकारी एवं बीएलओ मौजूद रहे।