सकतपुर| किशनपुरा ग्राम पंचायत के भौंरा गांव से शनिवार को श्रद्धालु देवधाम झाड़ौता मंदिर की पदयात्रा पर रवाना हुए। ग्रामीणों के अनुसार हर साल की तरह इस बार भी क्षेत्र की खुशहाली और अच्छी बारिश की कामना के लिए पदयात्रा निकाली गई। यात्रा गाजे-बाजे के साथ शुरू हुई। रवाना होने से पहले ग्रामीण गांव के हनुमान महाराज के मंदिर पहुंचे। यहां पूजा-अर्चना की। धर्म ध्वजा ली। इसके बाद डीजे की धुन पर नाचते-गाते महिला-पुरुष बड़ी संख्या में भगवान देवनारायण के जयकारे लगाते हुए पदयात्रा के लिए रवाना हुए। पदयात्री देवधाम झाड़ौता मंदिर पहुंचकर क्षेत्र की खुशहाली, अच्छी बारिश, सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। भौंरा गांव से यह छठी पदयात्रा है।