भास्कर न्यूज| बारां शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को मिनी सचिवालय स्थित एनआईसी सभागार में नवाचारी एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के सम्मान समारोह तथा मिशन सामर्थ्य - समर्थ युवा की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने विद्यालयों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 5 नवाचारी शिक्षकों को सम्मानित किया और उनसे सीधा संवाद किया। सम्मानित होने वाले शिक्षकों में आरती शर्मा, प्रधानाचार्य, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, सोरखण्ड कला, हरलाल मीणा, प्रधानाचार्य, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, कोयला, रवि कुमार वर्मा, उपप्राचार्य, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, रातडिया, धर्मराज मीणा, प्रधानाध्यापक, राजकीय प्राथमिक विद्यालय, सनगवां, अशोक मीणा, अध्यापक, राजकीय प्राथमिक विद्यालय, नवाबगंज शामिल हैं। जिला कलक्टर ने सभी शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आप सभी ने शिक्षा को केवल पेशा नहीं, मिशन बनाया है। बैठक के दौरान जिले में संचालित 11 सामर्थ्य केंद्रों के मेंटर शिक्षकों एवं ऑनलाइन अध्यापन कराने वाले शिक्षकों से बिंदुवार चर्चा की गई। कलेक्टर ने विद्यार्थियों की उपस्थिति, उनकी रुचि और केंद्रों के संचालन में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन केंद्रों में उपकरण या तकनीकी समस्या है, उसे तत्काल दुरुस्त किया जाए। जो केंद्र मानकों के अनुरूप संचालित नहीं हो रहे हैं, उनके स्थान पर नए केंद्र स्थापित करने की कार्ययोजना तैयार की जाए। पाठ्यक्रम के साथ गाइडेंस भी जरूरी कलेक्टर असावा ने अपने विद्यालय निरीक्षणों के अनुभव साझा करते हुए कहा कि विद्यार्थी ऑनलाइन कक्षाओं में पूरे मनोयोग से भाग ले रहे हैं और अपने संशय दूर कर रहे हैं। यह हर्ष का विषय है कि नियमित पाठ्यक्रम के साथ-साथ छात्र रीजनिंग, मानसिक योग्यता, स्पोकन इंग्लिश और सामान्य ज्ञान की भी तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को करियर गाइडेंस देना भी उतना ही जरूरी है। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी सीताराम गोयल, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी हरिमोहन गालव सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।