भास्कर न्यूज | सवाई माधोपुर अरावली एवं विंध्याचल पहाड़ी के मिलन स्थल पर भगवतगढ पहाड़ों की तलहटी में स्थित जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री अर्नेश्वर महादेव मंदिर शिवकुंड धाम पर भाद्रपद मास के शुरुआत में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवक रही। इससे दिनभर श्रद्धालुओं की चहलपहल रही। श्रद्धालुओं ने शिवकुंड में डुबकी लगाकर पवित्र स्नान किया। श्रद्धालुओं की उपस्थिति एवं धार्मिक अनुष्ठानों से मंदिर का वातावरण दिनभर पूरी तरह भक्तिमय रहा। शनिवार को भाद्रपद कृष्ण पक्ष मास की शुरुआत में आचार्य नंदकिशोर शर्मा के सानिध्य में नमक चमक महारुद्र पाठ के साथ श्रद्धालुओं की ओर से श्री अर्नेश्वर महादेव का सहस्र घटों से अभिषेक किया। इस दौरान श्रद्धालुओं के बम बम भोले के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। शनिवार को भाद्रपद मास के प्रथम दिन पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भोलेनाथ के दर्शन एवं अभिषेक के लिए शिवकुंड धाम पर उपस्थित हुए। श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ को आक, धतूरा, बिल्वपत्र, फल, फूल, मिठाई आदि अर्पित करते हुए विशेष पूजा अर्चना की एवं मनौतियां मांगी। इसके बाद भोलेनाथ की आरती की गई।