टोंक जिले की 10 नगर निकायों में नामांकन वापसी की प्रक्रिया गुरुवार को पूरी हो गई। टोंक नगर परिषद समेत 10 निकायों के 315 वार्डों में 333 आवेदकों ने नामांकन वापस लिए हैं। इसके बाद अब 1163 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। सबसे ज्यादा 99 नामांकन टोंक नगर परिषद में वापस हुए, जहां अब 244 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं वार्ड 2 में डारडाहिंद को नगर परिषद में शामिल करने के विरोध में ग्रामीण पहले ही मतदान बहिष्कार का निर्णय ले चुके हैं। यहां चार ग्रामीणों ने इस सोच के साथ नामांकन भरा था कि बाहरी प्रत्याशी के नामांकन और वोट पड़ने से बहिष्कार खंडित न हो जाए, लेकिन किसी बाहरी व्यक्ति के नामांकन नहीं भरने पर चारों ने भी अपना नामांकन वापस ले लिया। वार्ड 2 में चारों प्रत्याशियों ने नामांकन वापस लिया टोंक नगर परिषद के वार्ड 2 परिसीमन से पहले डारडाहिंद ग्राम पंचायत का गांव था। यहां के ग्रामीण परिसीमन के दौरान नगर परिषद में शामिल किए जाने के विरोध में पहले ही मतदान का बहिष्कार कर चुके हैं। हालांकि, यहां के चार ग्रामीणों ने इस सोच के साथ वार्ड 2 से नामांकन भरा था कि यदि इस वार्ड से बाहरी व्यक्ति नामांकन भर देता और कुछ वोट डलवा देता तो मतदान बहिष्कार खंडित हो जाता। इस वार्ड से किसी अन्य वार्ड के व्यक्ति ने भी नामांकन नहीं भरा। ऐसे में आज चारों प्रत्याशियों ने अपना नामांकन वापस ले लिया। जिला प्रशासन की ओर से भी डारडाहिंद के ग्रामीणों को मतदान में भाग लेने के लिए गत दिनों से काफी समझाइश और प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन प्रशासन इसमें सफल नहीं हो सका। अब यहां की स्थिति से जिला निर्वाचन अधिकारी को अवगत कराया जाएगा। RO ने कहा- समझाइश के बावजूद बहिष्कार पर अड़े ग्रामीण टोंक नगर परिषद की रिटर्निंग अधिकारी सीमा खेतान ने बताया कि काफी समझाइश के बावजूद वार्ड 2 के ग्रामीण नहीं माने और मतदान के बहिष्कार पर अड़े हैं। इसके चलते इस वार्ड से भरे गए चारों नामांकन भी आज वापस ले लिए गए। किस नगर निकाय में कितने नामांकन वापस लिए जिले की 10 नगर निकायों में नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि तक कुल 333 आवेदकों ने अपना नामांकन वापस लिया है। इनमें टोंक नगर परिषद में 99, मालपुरा नगरपालिका में 54, डिग्गी नगरपालिका में 29, लांबा हरिसिंह नगरपालिका में 8, निवाई नगरपालिका में 28, पिपलू नगरपालिका में 15, टोडारायसिंह नगरपालिका में 10, देवली नगरपालिका में 38, दूनी नगरपालिका में 15 और उनियारा नगरपालिका में 37 नामांकन वापस लिए गए हैं। अब किस नगर निकाय में कितने प्रत्याशी मैदान में नामांकन वापस लेने के बाद टोंक नगर परिषद समेत जिले की 10 नगर निकायों में अब कुल 1163 प्रत्याशी चुनाव मैदान में डटे हुए हैं। इनमें टोंक में सबसे ज्यादा 244, मालपुरा में 161, डिग्गी में 87, लांबा हरिसिंह में 51, निवाई में 121, पिपलू में 72, टोडारायसिंह में 88, देवली में 165, दूनी में 94 और उनियारा में 80 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।