टोंक में निकाय चुनाव की वोटिंग होने से कुछ दिन पहले DST और निवाई थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से ऑनलाइन सट्टेबाजी के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर उसके पास से 33 लाख 25 हजार 500 रुपए कैश और तीन मोबाइल जब्त किए हैं। एसपी के निर्देशन में DST की कार्रवाई टोंक एसपी रोशन मीणा के निर्देशन में DST और निवाई थाना पुलिस ने क्षेत्र में चल रहे अवैध ऑनलाइन गैंबलिंग नेटवर्क के खिलाफ यह छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सट्टा संचालित करने वाले मुख्य आरोपी राजाराम गुर्जर निवासी चाकसू और हाल निवासी निवाई को गिरफ्तार किया। 33 लाख रुपए से ज्यादा का कैश बरामद एसपी रोशन मीणा ने बताया कि आरोपी के कब्जे से 33 लाख 25,500 रुपए की नकदी बरामद की गई है। इसके अलावा पुलिस ने तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। शुरुआती जांच में इन मोबाइलों से करीब 5 लाख रुपए के ऑनलाइन सट्टा लाइनों, लेन-देन और मास्टर आईडी से जुड़े कई सबूत मिले हैं। निकाय चुनाव के माहौल में अचानक 33 लाख रुपए से ज्यादा की राशि बरामद होने से राजनीतिक और स्थानीय हलकों में हड़कंप मच गया है। हालांकि, पुलिस इसे विशुद्ध रूप से सट्टेबाजी का मामला मानकर चल रही है, लेकिन इस बात की भी गहनता से जांच की जा रही है कि कहीं इस राशि का इस्तेमाल चुनावी गतिविधियों में तो नहीं किया जाना था। एसपी रोशन मीणा ने बताया कि निवाई थाने में आरोपी राजाराम गुर्जर के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब पूरे सिंडिकेट को खंगालने में जुटी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि इस सट्टा नेटवर्क का मास्टरमाइंड किन-किन लोगों के संपर्क में था और बरामद नकद राशि किस-किन लेन-देन से जुड़ी है।