उदयपुर नगर निगम में कांग्रेस ने वार्ड नंबर 34 से चाय का ठेला लगाने की पत्नी को मौका दिया गया है। वहीं एक परिवार की देवरानी-जेठानी के टिकट मांगने पर देवरानी को मौका दिया। इसके अलावा एक पूर्व पार्षद के पति, मौजूदा मंडल अध्यक्ष और एक जगह मंडल अध्यक्ष की पत्नी को टिकट मिला है। बता दें कि निगम के 80 वार्डों के लिए कांग्रेस ने एक साथ रविवार दोपहर को सूची जारी कर दी। सबसे खास बात यह है कि इस सूची में कई GenZ को भी कांग्रेस ने मौका दिया है। अब जानें इन प्रत्याशियों के बारे में… प्रत्याशी चलातीं टिफिन सेंटर, पति का चाय का ठेला कांग्रेस ने वार्ड नंबर 34 से सीमा आचार्य को मैदान में उतारा है। सीमा खुद टिफिन सेंटर का काम करती है। वहीं सीमा के पति दिनेश हवामगरी में ‘पामणा टी स्टॉल’ ठेला चलाते हैं। इलाके में सक्रिय रहने से वार्ड में दिनेश और सीमा से हर कोई परिचित है। सीमा का मुकाबला इस वार्ड में बीजेपी की संभावित अलका गुर्जर से होगा। सेक्टर 14 के इसी वार्ड में शहर विधायक ताराचंद जैन भी रहते हैं। कांग्रेस नेता की बहू को मिला टिकट, जेठानी ने भी मांगा था कांग्रेस ने वार्ड नंबर 76 से इंद्रा डांगी को मैदान में उतारा है। इंद्रा कांग्रेस नेता कमल डांगी की पुत्रवधू हैं। महिला सीट रिजर्व के चलते इस बार उनकी दोनों बहुओं ने कांग्रेस से इस वार्ड से टिकट मांगा था। जेठानी दुर्गा और देवरानी इंद्रा के इस टिकट की जंग में देवरानी की जीत हुई है। इंद्रा का सीधा मुकाबला बीजेपी की प्रत्याशी डॉ. कविता जोशी से है। कविता भी बीजेपी में महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष हैं। पहले पत्नी पार्षद, अब पति को टिकट कांग्रेस ने वार्ड 49 में मंडल अध्यक्ष श्याम सुंदर गुर्जर पर दांव खेला है। गुर्जर की पत्नी मोनिका गुर्जर पहले पार्षद रह चुकी हैं। इसी प्रकार वार्ड 31 में मंडल अध्यक्ष मुस्तफा की पत्नी हीना कौसर बानो को और वार्ड 8 से रुखसार खान नेता प्रतिपक्ष मोहसिन खान की पत्नी को मैदान में उतारा है। हिरणमगरी उप-नगरीय क्षेत्र में जैन समाज को साधने के लिए कांग्रेस ने वार्ड 52 से वनिता जैन को उतारा है। भाजपा से वार्ड 45 से पूर्व शहर अध्यक्ष दिनेश भटट ने नामांकन दाखिल किया और कांग्रेस ने उनके सामने पंकज सुखवाल को उतारा है। पढ़ें पार्षद प्रत्याशियों की पूरी प्रोफाइल… यह न्यूज भी पढ़ें… उदयपुर के सभी 80 वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों की घोषणा:शहर अध्यक्ष की पत्नी-पूर्व मंत्री की बहू को टिकट, जानिए आपके वार्ड से कौन उम्मीदवार कांग्रेस ने उदयपुर नगर निगम के 80 पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिजा व्यास की बहू (भतीजे की पत्नी) हितांशी शर्मा को वार्ड 73 से टिकट दिया गया है। वहीं, कांग्रेस शहर के जिलाध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ की पत्नी पूनम कुंवर राठौड़ को वार्ड 17 से मौका दिया गया है। (पूरी खबर पढ़ें..)