भास्कर न्यूज| बारां नगर निकाय आम चुनाव के तहत मतदान में उपयोग होने वाली ईवीएम मशीनों का शनिवार को प्रथम रेंडमाइजेशन किया गया। इस दौरान जिले के सभी छह निकायों के लिए ईवीएम की बेलट यूनिट और कंट्रोल यूनिट का निर्धारण किया गया। राज्य निर्वाचन आयोग के कंप्यूटर सॉफ्टवेयर के माध्यम से सभी निकायों के लिए ईवीएम मशीनों को रेंडम तरीके से चिह्नित किया गया। इसके साथ ही प्रत्येक निकाय के लिए 15 प्रतिशत ईवीएम अतिरिक्त रिजर्व रखी गईं। एनआईसी की जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी पूनम पाटनी ने एलईडी स्क्रीन पर प्रक्रिया प्रदर्शित करते हुए रेंडमाइजेशन पूरा कराया। बारां के लिए सबसे ज्यादा 110 ईवीएम नगर परिषद बारां के लिए 110 ईवीएम, जबकि अंता, छबड़ा और मांगरोल नगर निकायों के लिए 35-35 ईवीएम चिह्नित की गईं। वहीं सीसवाली के लिए 20 और अटरू के लिए 25 ईवीएम से मतदान कराया जाएगा। इस तरह छह निकायों के लिए कुल 260 ईवीएम चिन्हित हुईं। चुनाव के दौरान आवश्यकता पड़ने पर उपयोग के लिए सभी निकाय क्षेत्रों के लिए 15 प्रतिशत ईवीएम रिजर्व रखी गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर बालमुकुंद असावा की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय के सभागार में हुई बैठक में एडीएम भंवरलाल जनागल, संबंधित रिटर्निंग अधिकारी, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं अभ्यर्थी मौजूद रहे। आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। शहर में कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से रात्री गश्त तेज कर दी है। संवेदनशील क्षेत्रों के साथ ही प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पुलिस जवानों की विशेष निगरानी रखी जा रही है। एसडीएम रामावतार मीणा, डीएसपी रोहिताश देवंदा और सीआई हीरालाल पूनिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार रात शहर के विभिन्न इलाकों में गश्त की। टीम ने प्रताप चौक, मेलग्राउंड, श्रीजी चौक, लंका कॉलोनी, दीनदयाल पार्क सहित अन्य क्षेत्रों का दौरा किया। इसके बाद दीनदयाल पार्क से प्रताप चौक होते हुए चारमूर्ति चौराहा तक भी पुलिस ने गश्त की।