नागौर में वार्ड नंबर 7 से निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी धनराज सैन समेत अन्य लोगों पर जाति विशेष के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने, सामाजिक माहौल खराब करने और जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज कराया गया है। जबकि गुरुवार रात प्रत्याशी की ओर से भी पिस्टल तानने और धमकी देने का मामला दर्ज कराया है। कोतवाली थाना इंचार्ज नंदलाल के मुताबिक- शहर के हाउसिंग बोर्ड निवासी विष्णुसिंह राजपूत ने शुक्रवार दोपहर थाने में शिकायत दी। शिकायत में बताया कि वार्ड नंबर 7 से निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी धनराज सैन समेत अन्य लोगों ने जाति विशेष के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की। चुनावी कार्यालय बुलाकर मारपीट की उसने बताया- मैं गुरुवार (3 सितंबर) की रात करीब 10:15 बजे प्रत्याशी धनराज सैन के कार्यालय गया था। धनराज ने मुझे और समाज के कुछ लोगों को चुनाव संबंधी चर्चा के लिए बुलाया था। वहां पहले से 20-25 लोग मौजूद थे। बातचीत के दौरान धनराज ने मेरे समाज को लेकर अभद्र टिप्पणी की और गाली-गलौज की। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने एकजुट होकर मेरे साथ मारपीट की। उसने आरोप लगाया कि समाज की महिलाओं को लेकर गलत और अभद्र टिप्पणियां की गई। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर समाज की छवि खराब करने का प्रयास किया गया। शिकायतकर्ता ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। प्रत्याशी की ओर से एक रात पहले मामला दर्ज गुरुवार देर रात निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी धनराज सैन ने विष्णु सिंह राजपूत के खिलाफ हमला करने, मारपीट करने, पिस्टल तान कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस फिलहाल दोनों पक्षों की शिकायतों को लेकर जांच कर रही है।