पंचायती राज आम चुनाव में शुक्रवार को जिले की सात पंचायत समितियों की 209 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान उत्साह के साथ संपन्न हुआ। सुबह 7 बजे मतदान शुरू होते ही बूथों पर कतारें लग गईं। शाम 6 बजे तक 20़1 ग्राम पंचायतों में 3 लाख 78 हजार 272 मतदाताओं ने वोट डाले। जिले में कुल 74.62 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पंचायत समिति गामड़ी अहाड़ा 80.82 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे आगे रहा, जबकि आसपुर में सबसे कम 67.72 प्रतिशत वोट पड़े। सुबह 10 बजे तक अधिकांश बूथों पर लंबी कतारें नजर आईं। दोपहर में मतदान की रफ्तार कुछ धीमी रही, लेकिन शाम 3 बजे बाद गुजरात से बड़ी संख्या में प्रवासी मतदाता अपने गांव पहुंचे तो बूथों पर फिर रौनक बढ़ गई। शाम 6 बजे मुख्य द्वार बंद कर दिया गया, लेकिन इससे पहले परिसर में प्रवेश कर चुके मतदाताओं ने वोट डाले। कई केंद्रों पर रात 8 बजे तक मतदान जारी रहा। गामड़ी अहाड़ा 80.82 प्रतिशत पालदेवल 79.95 प्रतिशत बिछीवाड़ा 78.87 प्रतिशत दोवड़ा 75.72 प्रतिशत डूंगरपुर 74.95 प्रतिशत साबला 70.57 प्रतिशत आसपुर 67.72 प्रतिशत मतदान के दौरान लोकतंत्र के प्रति जज्बे की प्रेरक तस्वीरें भी सामने आईं। कनबा में 108 वर्षीय रतन कंवर और नवलश्याम में 101 वर्षीय मणि ने मतदान किया। देवल में ज्योति कोटेड ने पहली बार वोट डाला। दोवड़ा की ग्राम पंचायत वसी खास के सीनियर स्कूल मतदान केंद्र पर जन्म से दोनों पैरों से दिव्यांग रमेश कटारा को उसका भाई कंधे पर उठाकर मतदान केंद्र तक लेकर पहुंचा। भाई ने उसे बूथ तक पहुंचाकर मतदान करवाया और फिर कंधे पर उठाकर घर ले गया। आसपुर पंचायत समिति में खलील ग्राम पंचायत से मुकेश मीणा, लोकिया बनकोड़ा में संतोष देवी परमार, उसमानिया से चंदा कमलेश मीणा, मसाणा से गोविंद मीणा, बडलिया कल्पेश रोत, इंदौड़ा में रेखा देवी, रामगढ़ में विमला पूंजीलाल कलासुआ,वसुंदर छोटी में लीला रमेश कटारा, रामा से लालूराम मीणा, बोकल सेल से शांता देवी कटारा, गढ़ानाथजी में अनिता मीणा विजयी रही। दोवड़ा पंचायत समिति के हथाई से गीता अहारी, हिराता से बंशीलाल रोत, वाड़ा हथाई से मंजुला देवी अहारी, साबला पंचायत समिति के झरियाणा से अंबिका कुमारी, भाटोली से संगीता देवीलाल, मिथेला से अंगूरबाला, नांदली अहाड़ा से बाबरी देवी मीणा, पचलासा बड़ा में नेपाल मीणा, लेंबाता में बबीता देवी मीणा, पाल निठाउवा में गंगा मीणा, माल में उषा मीणा, साकरखाइयां में नीमा मीणा, बिछीवाड़ा पंचायत समिति के साबली में लीलाराम वरहात, खजुरी से सीता देवी, घड़माला सें सुरता देवी घोघरा ,पाल देवल पंचायत समिति के भुवाली से ललीता कुमारी मीणा, मनात फला से कमलेश मनात, नलवा से दिशा कोटेड, देवल खास से सुरज कटारा ,गामड़ी अहाड़ा पंचायत समिति के माना तलाई से संगीता कोटेड, गलंदर से अनिता रोत, गेसू का वांगा से चंपा देवी, नारेली पंचायत में वासुदेव कोपचा, शरम पंचायत में हंसा देवी, डूंगरपुर पंचायत समिति के खेड़ा कच्छवासा से नरेश खराड़ी, चकमहुड़ी से सीता खराड़ी, गुमानपुरा से निर्मला मीणा, पीपलादा से चंपा देवी, वाजेड़ा में जीवन कटारा, वागदरी में जय कुमार और थाणा में गोविंद अहारी विजयी हुए।