राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे फेज में गुरुवार को हुए सरपंच चुनाव के देर रात रिजल्ट आ गए। दौसा की सिकराय पंचायत समिति क्षेत्र की गनीपुर ग्राम पंचायत में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अधिकारी धर्म सिंह मीणा की पत्नी मौसम मीणा सरपंच का चुनाव जीतीं। राजस्थान की सबसे छोटी ग्राम पंचायत बीसलपुर ( टोंक) नौसर देवी भील पहली सरपंच बनीं। उनको 151 वोट मिले। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीना देवी मीणा को 93 वोटों के अंतर से हराया। बीसलपुर पंचायत में कुल 294 मतदाता है। जालोर जिले की चितलवाना पंचायत समिति की कुंभिया ग्राम पंचायत में सरपंच पद के चुनाव में छगनलाल भील ने जीत दर्ज की है। उन्होंने नायब तहसीलदार विरमाराम की पत्नी उगम देवी को 13 वोटों से हराया। दौसा के बड़ोली पोलिंग बूथ पर हंगामा हो गया था। मतपेटी की सील टूटी हुई मिलने का आरोप लगाया। इससे पहले झुंझुनूं में नवलगढ़ के देलसर गांव में सरपंच प्रत्याशियों के समर्थकों में लाठी-डंडे चले थे। इसमें पंजाब के होशियारपुर निवासी युवक की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हो गए थे। 5 नवंबर को 3716 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के 34,218 पदों के लिए वोटिंग हुई थी।।