झुंझुनूं | सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए जिले में चल रहे विशेष एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान में शनिवार को 109 बालिकाओं को टीके लगाए गए। सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने बताया कि टीकाकरण के लिए जिले में 27 वैक्सीनेशन साइट बनाई गईं। इनमें 109 छात्राओं ने वैक्सीन लगवाई। दूसरी ओर एचपीवी टीके को लेकर छात्राओं को जागरूक करने के लिए चिकित्सा विभाग की टीमों ने स्कूलों में जाकर वैक्सीन के सुरक्षित होने, सर्वाइकल कैंसर से बचाव होने के बारे में जानकारी दी। सीएमएचओ ने बताया कि जिले में सर्वाधिक 45 टीके झुंझुनूं में लगाए गए। यहां शहरी स्वास्थ्य केंद्र पर 37 बालिकाओं ने वैक्सीन लगवाई। वहीं चिड़ावा में छह, खेतड़ी में 13, मलसीसर में 18, मंडावा में दो, नवलगढ़ में 8, पिलानी में 17 बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसररोधी टीका लगाया गया। दूसरी ओर एचपीवी वैक्सीन को लेकर आरसीएचओ डॉ. दयानंद सिंह की अगुवाई में चिकित्सा विभाग की टीमों ने विभिन्न स्कूलों में जाकर छात्राओं को जागरूक किया। शहर की कर्नल जेपी जानू स्कूल, जेके मोदी बालिका स्कूल में चिकित्सा विभाग की टीम ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव, टीका पूरी तरह सुरक्षित होने के बारे में बताया। इसके साथ आरसीएचओ ने छात्राओं की विभिन्न शंकाओं का समाधान भी किया। आरसीएचओ डॉ. दयानंद सिंह ने बताया कि विशेष अभियान में 937 बालिकाओं को टीका लग चुका है। शहरी यूपीएचसी पर टीका लगवाने के लिए पहुंची छात्राएं।