ब्लॉक क्षेत्र के शोभागपुरा में तिलम संघ व शोभागपुरा तिलहन उत्पादन सहकारी समिति की ओर से शुरू किए गए सरकारी खरीद केंद्र पर इन दिनों गेहूं की खरीद जोरों पर चल रही है। केंद्र पर किसानों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। तौल केंद्र प्रभारी बंशीलाल सुमन ने बताया कि केंद्र पर प्रतिदिन पूर्व में पंजीकृत किसान उपज लेकर पहुंच रहे हैं और सभी का गेहूं प्राथमिकता के आधार पर तौला जा रहा है। गत 1 अप्रैल से तौल केंद्र पर समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू की गई थी। अब तक करीब 85 किसानों से 12 हजार क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है। किसानों को पूर्व में ऑनलाइन किए गए पंजीयन के आधार पर क्रम अनुसार संदेश भेजकर उपज केंद्र पर बुलवाया जा रहा है। सभी पंजीकृत किसानों से खरीद केंद्र पर गेहूं की तौल व्यवस्थित तरीके से की जा रही है। केंद्र पर पेयजल, छाया और बैठने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। शोभागपुरा तिलहन उत्पादक सहकारी समिति अध्यक्ष रामनिवास मीणा ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद की जा रही है। किसानों को समर्थन मूल्य 2585 रुपए प्रति क्विंटल सहित 150 रुपए बोनस राशि सहित कुल 2735 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से भुगतान किया जाएगा। किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाई जा रही है। जिससे सीधे उनके बैंक खातों में राशि जमा हो सके।