भास्कर न्यूज | टोंक पीपल पूर्णिमा पर शुक्रवार को जिलेभर में शादियों की जबरदस्त धूम रही और 500 से ज्यादा शादियां होने से उत्सव जैसा माहौल रहा। जिला मुख्यालय पर खटीक, ब्राह्मण और बैरवा समाज तो उनियारा में राजपूत, सतवाड़ा में मीणा व निवाई में हरियाणा गौड़ ब्राह्मण समाज के सम्मेलन आयोजित हुए, जिनमें कुल 149 जोड़ों का विवाह संपन्न करवाया गया। विशेष रूप से खटीक समाज के सम्मेलन में विवाहोपरांत पंडित डॉ. पवन सागर ने नवदंपतियों को ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का आठवां वचन दिलाने के साथ कन्या भ्रूण हत्या और बाल विवाह रोकथाम की शपथ भी दिलाकर सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। सकल पंच खटीक समाज के तत्वावधान में द्वितीय निशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन शिव-हनुमान मंदिर, गांधी पार्क, जयपुर रोड में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार पंडित डॉ. पवन सागर ने विधि-विधान से 51 जोड़ों का पाणिग्रहण संस्कार संपन्न कराया। इससे पहले किदवई पार्क से वर-वधुओं की निकासी, कलश यात्रा हाथी-घोड़ों के लवाजमे और बैंड-बाजों के साथ निकाली गई, जो शहर के मुख्य बाजारों से होते हुए गांधी पार्क पहुंची। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने बारात का स्वागत किया, वहीं रोटरी क्लब की ओर से सुभाष चौक पर पुष्प वर्षा कर अभिनंदन किया गया। आशीर्वाद समारोह में ज्योतिषाचार्य पंडित राजकुमार शर्मा, पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता सहित देश-प्रदेश से आए समाज के लोगों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर सामूहिक विवाह सम्मेलन समाज में अमीर-गरीब के भेदभाव को समाप्त करने का सशक्त माध्यम है। बढ़ती महंगाई के दौर में ऐसे आयोजन जरुरी आवश्यक होने के साथ ही बाबा साहेब के समानता के विचारों को साकार करते हैं। सम्मेलन समिति अध्यक्ष गुड्डू खटीक सहित कई समाजबंधुओं ने आयोजन में सक्रिय सहयोग दिया। जिला बैरवा समाज सामूहिक विवाह सम्मेलन समिति के तत्वावधान में पक्का बंधा, टोंक पर आयोजित समाज के 26वें आदर्श सामूहिक विवाह सम्मेलन में 15 जोड़ों का विवाह धार्मिक रीति-रिवाज के साथ संपन्न कराया। अखिल भारतीय बैरवा समाज के अध्यक्ष रामदयाल बढ़ोदिया ने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन अनावश्यक खर्चों को कम करते हैं और समाज में एकता को मजबूत बनाते हैं। पूर्व राज्यसभा सांसद आर.के. वर्मा व भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान ने नवदंपतियों को सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं देते हुए समाज के प्रति योगदान देने का आह्वान किया। समिति की ओर से नवदंपतियों को मंगलसूत्र, चांदी के आभूषण, पलंग, ड्रेसिंग टेबल, पंखा व अलमारी सहित घरेलू उपयोग के सामान भेंट किए गए। वैवाहिक रस्में पंडित सुखलाल आर्य व पंडित रामरतन आर्य ने वैदिक विधि से संपन्न कराई गईं। संरक्षक भंवरलाल बैरवा व अध्यक्ष रतन महाराज ने सम्मेलन के समापन की घोषणा की। सनाढ्य ब्राह्मण समाज के तत्वावधान आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में 11 जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। जिसकी शुभारंभ आरएन मैरिज गार्डन में पूजा-अर्चना और ध्वजारोहण से हुई और गायत्री धाम से निकाली कलश यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई विवाह स्थल पहुंची। जिलेभर में कौनसे समाज की कहां कितनी शादियां खटीक समाज टोंक (शिव-हनुमान, मंदिर) 51 जोड़े मीणा समाज , सतवाड़ा 43 जोडे़ राजपूत समाज, उनियारा, 18 जोड़े बैरवा समाज टोंक, पक्का बंधा (टेनरीज) 15 जोड़े ब्राह्मण (सनाढ्य) टोंक (सवाईमाधोपुर रोड) 11 जोड़े हरियाणा गौड़ ब्राह्मण निवाई 12 जोड़े