जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- युवा नई सोच और नई ऊर्जा के प्रतीक हैं। राज्य सरकार लगातार युवाओं से चर्चा कर रही है। उनके सुझावों को बजट सहित विभिन्न नीतियों में शामिल कर रही है। सीएम ने कहा- 70 हजार नए पदों पर भर्ती की तैयारी चल रही है। मुख्यमंत्री निवास पर मंगलवार को आयोजित ‘सपनों की उड़ान’ कार्यक्रम में GenZ युवाओं से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल ने यह कहा। इस दौरान सीएम ने युवाओं के साथ सेल्फी भी ली। सीएम शर्मा ने युवाओं के साथ बातचीत करते हुए उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जाना। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘सपनों की उड़ान’ का लोगो डिजाइन प्रतियोगिता का शुभारंभ भी किया। युवाओं के सुझावों से बनेगी सरकार की नई योजनाएं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- सरकार की योजनाओं, कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने के लिए युवाओं की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से माता-पिता के संस्कार, अनुशासन और मेहनत को जीवन में अपनाने की अपील की। साथ ही कहा कि आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से हर सपना पूरा किया जा सकता है। 70 हजार नई भर्तियों की तैयारी मुख्यमंत्री भजनलाल ने कहा- पिछले ढाई साल में राज्य सरकार ने 1 लाख 78 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। इसके अलावा करीब 51 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। वहीं 80 हजार से अधिक पद भर्ती कैलेंडर में शामिल हैं। साथ ही 70 हजार नए पदों पर भर्ती की तैयारी भी चल रही है। उन्होंने बताया- निजी क्षेत्र में भी करीब साढ़े 4 लाख रोजगार उपलब्ध कराए गए हैं। पेपर लीक में कार्रवाई, 569 आरोपी गिरफ्तार मुख्यमंत्री भजनलाल ने कहा- सरकार ने पेपर लीक के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। कानून को सख्त बनाया है। भर्ती परीक्षाओं को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए कई सुधार किए गए हैं। उन्होंने बताया- पेपर लीक और भर्ती अनियमितताओं की जांच के लिए गठित एसआईटी अब तक 569 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं सरकार के कार्यकाल में 410 भर्ती परीक्षाएं बिना किसी पेपर लीक के सफलतापूर्वक पूरी हुईं। स्टार्टअप को बढ़ावा मुख्यमंत्री भजनलाल ने कहा- सरकार चाहती है कि प्रदेश का युवा केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बने। इसी उद्देश्य से स्टार्टअप को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया- राजस्थान स्टार्टअप कार्यक्रम के तहत अब तक 4 हजार 623 स्टार्टअप रजिस्टर्ड हो चुके हैं। इनमें से 1,062 स्टार्टअप्स को आई-स्टार्ट फंड के माध्यम से 34 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता दी गई। इसके अलावा 9 स्टार्टअप कार्यक्रमों में 988 स्टार्टअप्स ने हिस्सा लिया। राज्य सरकार ने राजस्थान कौशल नीति-2025 और युवा नीति भी लागू की है। खेल संबंधी योजनाएं भी लागू मुख्यमंत्री भजनलाल ने कहा- सरकार खेल प्रतिभाओं को तलाशने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया- राजस्थान टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना प्रदेश में लागू की गई है। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आयोजन कराया गया है। 17 नए खेलो इंडिया केंद्र शुरू किए जा रहे हैं। इसके अलावा 41 जिला मुख्यालयों पर आवासीय खेल अकादमियां भी शुरू की गई। कार्यक्रम के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े युवाओं ने भी अनुभव साझा किए। नीट परीक्षा में देशभर में तीसरा स्थान हासिल करने वाले उपलक्ष्य गोयल ने सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और तैयारी को दिया। इस दौरान GenZ जनरेशन के युवा बड़ी संख्या में मौजूद रहे।