बूंदी जिले में वाहन चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) और दबलाना थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 15 बाइकें बरामद की गई हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बूंदी, टोंक और जयपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बाइक चोरी कर उन्हें सस्ते दामों में बेच देते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112 के तहत संगठित अपराध का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूछताछ में कई और वारदातों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है। तकनीकी जांच और सीसीटीवी से मिले सुराग जिले में लगातार हो रही वाहन चोरी और नकबजनी की वारदातों के खुलासे के लिए गठित संयुक्त टीम ने तकनीकी सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। कार्रवाई के दौरान लोकेश गुर्जर (19), धर्मराज गुर्जर (18) निवासी सूहरी तथा विक्रम गुर्जर (21) निवासी गोरस्या का खेड़ा को गिरफ्तार किया गया। इन क्षेत्रों से चोरी की थीं बाइक पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 15 बाइकें बरामद की हैं। ये वाहन दबलाना, हिंडोली, कोतवाली बूंदी, सदर बूंदी, नैनवां, दूनी (टोंक), विद्याधर नगर (जयपुर), अशोक नगर (जयपुर) और मुहाना (जयपुर) थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे। आरोपी सार्वजनिक और सुनसान स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। मौज-मस्ती के लिए करते थे चोरी पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने शौक और मौज-मस्ती का खर्च पूरा करने के लिए वाहन चोरी करते थे। पहले वे ऐसे स्थानों की रेकी करते, जहां वाहन लंबे समय तक खड़े रहते थे। मौका मिलते ही बाइक चोरी कर लेते और बाद में उन्हें सस्ते दामों पर बेच देते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी धर्मराज के खिलाफ पहले से नैनवां थाने में एक मामला दर्ज है। संगठित अपराध की धारा में कार्रवाई पुलिस ने गिरोह के खिलाफ बीएनएस की धारा 112 के तहत संगठित अपराध का मामला दर्ज किया है। आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और जांच एजेंसियों का मानना है कि पूछताछ में वाहन चोरी की कई अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। इनकी रही अहम भूमिका इस कार्रवाई में जिला स्पेशल टीम और दबलाना थाना पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम में डीएसटी प्रभारी राजाराम, रणवीर सिंह, सत्यनारायण, हरिराम गुर्जर, शैलेन्द्र सिंह, विक्रम सिंह, गोपाल, संजय, लक्ष्मीकांत सहित दबलाना थाना प्रभारी प्रिया व्यास और उनकी टीम के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।