भास्कर संवाददाता | भीलवाड़ा माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान (RBSE) ने वर्ष 2027 की माध्यमिक, उच्च माध्यमिक, प्रवेशिका, वरिष्ठ उपाध्याय एवं समकक्ष परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस बार बोर्ड ने आवेदन प्रक्रिया समय से पहले शुरू करते हुए परीक्षा शुल्क में बढ़ोतरी भी कर दी है, जिससे विद्यार्थियों और अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ना तय माना जा रहा है। बोर्ड ने सामान्य परीक्षा शुल्क 600 रुपए से बढ़ाकर 850 रुपए कर दिया है, जबकि प्रायोगिक परीक्षा शुल्क 100 रुपए प्रति विषय से बढ़ाकर 200 रुपए प्रति विषय कर दिया गया है। नियमित एवं स्वयंपाठी (प्राइवेट) परीक्षार्थियों के आवेदन 6 जुलाई 2026 से शुरू होंगे। सामान्य शुल्क के साथ आवेदन की अंतिम तिथि 6 अगस्त और बैंक में शुल्क जमा कराने की अंतिम तिथि 11 अगस्त निर्धारित की गई है। विलंब शुल्क के साथ आवेदन 7 से 17 अगस्त तक और असाधारण शुल्क के साथ 25 अगस्त से 5 सितंबर 2026 तक किए जा सकेंगे। आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार के लिए 7 से 16 सितंबर तक निशुल्क ऑनलाइन संशोधन की सुविधा भी दी गई है। बोर्ड ने विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों, दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों तथा शहीद या युद्ध में वीरगति प्राप्त सैनिकों के आश्रितों को शुल्क से छूट जारी रखी है, जिन्हें केवल 50 रुपए का टोकन शुल्क देना होगा। इस बार आवेदन प्रक्रिया करीब 18 दिन पहले शुरू कर विद्यालयों को डेटा सत्यापन और दस्तावेज़ी प्रक्रिया के लिए अधिक समय दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों तथा आर्थिक कमजोर पर अतिरिक्त भार सबसे अधिक असर उन विद्यार्थियों पर पड़ेगा, जिन्होंने विज्ञान, कृषि, गृह विज्ञान या अन्य प्रायोगिक विषय ले रखे हैं। ऐसे विद्यार्थियों को सामान्य परीक्षा शुल्क के साथ प्रत्येक प्रायोगिक विषय के लिए अब 200 रुपए अतिरिक्त जमा कराने होंगे। यदि किसी विद्यार्थी के दो या तीन प्रायोगिक विषय हैं तो उसके कुल परीक्षा खर्च में पहले की तुलना में काफी बढ़ोतरी हो जाएगी। शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों के लिए यह बढ़ा हुआ शुल्क चुनौती बन सकता है।