सवाई माधोपुर डिपो की बसों में की गई औचक जांच के दौरान दो बसों में कुल 26 यात्री बिना टिकट मिले। बाटोदा के पास जांची गई बस में परिचालक द्वारा किराया लेने के बावजूद 18 यात्रियों को टिकट नहीं देने का मामला सामने आया, जबकि झुंडवा के पास दूसरी बस में 8 यात्री बिना टिकट यात्रा करते मिले। मुख्य प्रबंधक अजय कुमार मीना द्वारा बाटोदा के पास रोकी गई डिपो की बस में 48 यात्री सवार थे, जिनमें से 18 यात्रियों से पैसे लेने के बाद भी टिकट नहीं दिए गए थे। इस गड़बड़ी पर परिचालक के खिलाफ नियमानुसार पेनल्टी व कार्रवाई की गई है। झुंडवा में 36 यात्रियों में 8 बिना टिकट मिले : दूसरे मामले में कोटा से जयपुर जा रही रोडवेज बस की झुंडवा के पास जांच के दौरान 36 में से 8 यात्री बिना टिकट यात्रा करते मिले। बस में बस सारथी भी मौजूद थे। मुख्य प्रबंधक अजय कुमार मीना ने यात्रियों से अपील की है कि वे बस में बैठते ही टिकट जरूर लें, अन्यथा पेनल्टी की कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। वैध टिकट यात्री के बीमा कवर से भी जुड़ा होता है, इसलिए हमेशा टिकट लेकर ही यात्रा करें।