शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। मुख्य सड़कों पर फल और सब्जी के ठेले वालों के बढ़ते अतिक्रमण ने राहगीरों और वाहन चालकों का जीना मुहाल कर दिया है। दुकानदार भी सड़कों पर कब्जा जमाए बैठे हैं। शहर के 6 मुख्य मार्गों के हालात इतने विकट हैं कि 50 फीट की सड़क पर 30 फीट तक अतिक्रमण जमे हैं। गुरुद्वारा से रेलवे स्टेशन रोड, मिल रोड, परशुराम सर्किल, सुभाष सर्किल, चांग गेट से गीता भवन रोड पर हालात ऐसे हैं कि 10 फीट तक साइकिल और दोपहिया वाहनों की पार्किंग लगती है। उससे आगे 5 फीट तक जगह फल-सब्जी ठेले वाले घेर लेते हैं। एक तरफ करीब 15 फीट रोड अतिक्रमण की जद में रहता है। लगभग यही हाल सड़क के दूसरी तरफ का है। 30 फीट रोड पार्किंग और ठेले वालों से रुकने के बाद मात्र 20 फीट सड़क ही राहगीरों और वाहनों के आवागमन के लिए बचती है। परशुराम सर्किल । शहर के पांच बत्ती क्षेत्र से तेलियान चौपड़ तक की रोड पर सुबह 10 बजे तक सब्जी विक्रेताओं का इस तरह जमावड़ा रहता है कि यह रोड वाहन से पार करना काफी मुश्किल होता है। इमरजेंसी मामलों में एंबुलेंस के लिए भी यहां से गुजरना आसान नहीं होता।