उदयपुर में घर के पास टॉयलेट (शौच) करने पर तलवार से गर्दन काटकर पड़ोसी की हत्या कर दी। तलवार के वार से गर्दन धड़ से अलग हो गई। व्यक्ति के दो टुकड़े हो गए। इस दौरान मां और भाई बीच-बचाव करने आए, लेकिन वे उसे बचा नहीं सके। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया। घटना गोगुंदा थाना इलाके के खटीक मोहल्ला में बुधवार रात करीब 10 बजे की है। सूचना पर थानाधिकारी प्रवीण सिंह राजपुरोहित मौके पर पहुंचे और सबूत जुटाए। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। शव को गोगुंदा हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में ​रखवाया है। एक वार में गर्दन धड़ से अलग खटीक मोहल्ला निवासी देवीलाल उर्फ राजा बाबू खटीक (55) की मां ने रात में खाना बनाया था। देवीलाल खाना खाने के लिए बैठने ही वाला था, तभी उसे टॉयलेट लगा और वह बाहर गया। वह अपने घर के सामने रहने वाले ओमप्रकाश के मकान के पास टॉयलेट करने लगा तो ओमप्रकाश ने उसे टोका। इस बात पर दोनों में झगड़ा हो गया। झगड़े की आवाज सुनकर देवीलाल की मां लक्ष्मी बाई और भाई डालचंद भी घर से बाहर आ गए। उन्होंने बीच-बचाव किया। इसके बाद ओमप्रकाश घर से तलवार लाया और देवीलाल की गर्दन पर जोरदार वार कर दिया। एक ही वार में देवीलाल की गर्दन धड़ से अलग हो गई। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। देवीलाल मजदूरी करता था, वहीं आरोपी ओमप्रकाश भी मजदूर है। आमने-सामने हैं दोनों के मकान थानाधिकारी प्रवीण सिंह राजपुरोहित ने बताया- मृतक और हमलावर दोनों के मकान आमने-सामने हैं। मृतक ने हमलावर के घर के पास टॉयलेट किया। इसी बात को लेकर हमलावर इतना आक्रोशित हो गया कि उसने तलवार से गर्दन काट दी। मौके पर तलवार नहीं मिली और आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।