मारवाड़ को जयपुर से जोड़ने वाली कालवाड़ रोड मानसून की शुरुआती दो बारिश भी नहीं झेल सकी। एक्सप्रेस-वे अंडरपास से कालवाड़ तक 12 किमी लंबे इस स्टेट हाईवे में करीब 7 किमी सड़क बदहाल हो चुकी है। कहीं डामर की परत उखड़ गई है तो कहीं कंक्रीट तक गायब है। सड़क पर अब मिट्टी, कीचड़ और गहरे गड्ढे ही नजर आते हैं। दुकानों और मकानों के सामने 3 फीट तक पानी भरा है। बेसमेंट जलमग्न हैं और कई जगह कार व मोटरसाइकिलें गड्ढों में फंस रही हैं। चार साल पहले जेडीए ने यह सड़क बनवाई थी। एक साल बाद पैचवर्क भी हुआ, लेकिन अब सड़क जवाब दे चुकी है। यह सड़क जोधपुर, फलोदी, कुचामन सिटी, नागौर, बाड़मेर, जैसलमेर, नोखा और सांभर सहित 10 से अधिक शहरों को जयपुर से जोड़ती है। हाथोज गांव और मंगलम सिटी के बीच सीसी रोड के किनारे 500 मीटर तक मिट्टी धंसी है। लगातार वाहन फंसने पर पुलिस ने मिट्टी डालकर रास्ता बंद करवा दिया। 3 लाख लोग हो रहे प्रभावित मारवाड़ को जोड़ने वाली इस सड़क पर रोज 50 हजार वाहन गुजरते हैं। यह सड़क शहर की 200 कॉलोनियों को जोड़ती है। 3 लाख लोग रोज यहां से निकलते हैं। गोविंदपुरा के बाद सड़क नहीं, सिर्फ मिट्टी और कीचड़ 300 गड्ढों ने 15 दिन में खराब कर दिए बाइक के शॉकर माचवा के वीरेंद्र यादव ने बताया कि बाइक की सर्विस कराई थी। 15 दिन में शॉकर खराब हो गए। मैकेनिक ने नए लगवाने की सलाह दी है। माचवा से जयपुर तक 10 किमी में 300 गड्ढे हैं। रोज इन्हीं से होकर गुजरना पड़ता है। 6 माह पहले हुआ पैचवर्क बारिश में उखड़ा माचवा से कालवाड़ के बीच डेढ़ साल पहले नई सड़क बनाई गई थी। छह महीने पहले गड्ढों पर पैचवर्क कराया गया, लेकिन बारिश शुरू होते ही पैचवर्क उखड़ गया। अब वहां पहले से बड़े गड्ढे हो गए हैं। रात में गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया है। अधूरी सीसी रोड बनी मुसीबत, दोनों ओर गड्ढे, फंस रहे वाहन मंगलम सिटी से हाथोज की ओर एक किमी में छह महीने से सीसी रोड का निर्माण चल रहा है। 20 फीट चौड़ी सीसी सड़क बनाकर दोनों तरफ गहरे गड्ढे छोड़ दिए गए हैं। सड़क की कुल चौड़ाई 50 फीट से अधिक है। स्थानीय लोगों के अनुसार 10 दिन में 600 से ज्यादा वाहन यहां फंस चुके हैं। 40 लोग वाहन सहित गड्ढों में गिर चुके हैं।