न्यू सांगानेर रोड के बाद अब जेडीए हाईकोर्ट के आदेश पर 22 गोदाम से बी-2 बाईपास तक सड़क से अतिक्रमण हटाने की तैयारी कर रहा है। जयपुर-सवाई माधोपुर रेलवे लाइन के समानांतर 7.5 किमी लंबी सड़क को निर्धारित चौड़ाई के अनुसार चौड़ा किया जाएगा। इसके लिए सड़क सीमा में आ रहे करीब 310 निर्माण हटाए जाएंगे। सड़क के 4 किमी हिस्से में चौड़ाई 40 से 60 फीट और शेष 3.5 किमी हिस्से में 80 फीट निर्धारित है। जेडीए ने अतिक्रमण हटाने के लिए मशीनरी के लिए 1.90 करोड़ रुपए का टेंडर भी जारी कर दिया है। हाईकोर्ट ने दो महीने पहले 22 गोदाम रेलवे लाइन से बी-2 बाईपास तक करीब 310 चिह्नित अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। जेडीए को 25 नवंबर तक कार्रवाई की पालना रिपोर्ट हाईकोर्ट में पेश करनी है। इसके लिए जेडीए दिवाली बाद अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी करेगा। नोटिस की अवधि पूरी होने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर बुलडोजर चलाया जाएगा। मास्टर प्लान में 100 फीट चौड़ाई, जोनल प्लान में 3 हिस्सों में बदली मास्टर प्लान में 22 गोदाम से बी-2 बाईपास तक सड़क की चौड़ाई 100 फीट निर्धारित थी। बाद में जेडीए ने जोनल प्लान में सड़क के तीन हिस्सों की अलग-अलग चौड़ाई तय कर दी। इसके अनुसार 22 गोदाम रेलवे स्टेशन से महेश नगर फाटक तक सड़क 40 फीट, महेश नगर फाटक से गोपालपुरा बाईपास स्थित त्रिवेणी पुलिया तक 60 फीट और गोपालपुरा बाईपास से बी-2 बाईपास तक 80 फीट चौड़ी होगी। सड़क सीमा में रेलवे का अतिक्रमण भी है। हाईकोर्ट ने इसे भी हटाने के निर्देश दिए हैं।