बूथ तक उतरेगी भाजपा भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा भारतीय जनता पार्टी संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने के लिए 10 से 12 अप्रैल तक ‘गांव-बस्ती एवं वार्ड चलो’ अभियान चलाएगी। यह अभियान जिले के 39 मंडलों, 296 शक्तिकेंद्रों और 2198 बूथों तक पहुंचेगा। तीन दिन के इस अभियान में 300 से अधिक पंचायतों और शहरी वार्डों में जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी सीधे जनता के बीच पहुंचेंगे। प्रशिक्षण अभियान के बाद इसे संगठन विस्तार का सबसे बड़ा चरण माना जा रहा है। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं व गणमान्य लोगों का सम्मान, केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार, लाभार्थियों से सीधे संपर्क कर फीडबैक लेना आदि एजेंडे रहेंगे। वरिष्ठ नेताओं का मैदानी मोर्चा, बूथ स्तर तक पकड़ मजबूत करने की रणनीति अभियान के तहत जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक उदयलाल भडाना, लादूलाल पीतलिया, जबरसिंह सांखला, लालाराम बैरवा, गोपीचंद मीणा और गोपाल खंडेलवाल सहित कई वरिष्ठ नेता अलग-अलग क्षेत्रों में प्रवास करेंगे। पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर, पूर्व सांसद सुभाष बहेडिया, विट्ठलशंकर अवस्थी, रामलाल गुर्जर और बीआर चौधरी जैसे अनुभवी नेता भी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। पूरी रूपरेखा मंडल स्तर पर तैयार की गई है, जिसमें स्थानीय पदाधिकारी और वरिष्ठ कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएंगे।