श्रीगंगानगर। एल ब्लॉक हनुमान मंदिर एरिया में एक साथ चार दुकानों के ताले तोड़े गए हैं। इनमें से मिठाई की दुकान के गल्ले से चार लाख रुपए चोरी होने की जानकारी सामने आई है। शेष तीनों दुकानों से चोर को कोई कीमती सामान नहीं मिला। घटना शनिवार-रविवार रात को हुई। चोरी का पता रविवार सुबह चला। इसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों से जानकारी ली। मिष्ठान हाउस के संचालक के परिवाद पर अज्ञात युवक पर चोरी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। एएसआई कृष्ण सिहाग को जांच सौंपी गई है। थाने की टीम एरिया के सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान के प्रयास कर रही है। कोतवाल पृथ्वीपाल सिंह भाटी ने बताया कि दुकान के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में एक युवक चेहरा ढके वारदात करते दिखाई दे रहा है। उसने रॉड की मदद से दुकान का सेंट्रल लॉक तक तोड़ दिया। इसके बाद शटर उठाकर अंदर पहुंचा और गल्ले से रुपए चुराए। आसपास की अन्य दुकानों से चोर को चोरी लायक सामान कम ही मिला। इधर आनंद विहार में छत पर बने स्टोर रूम से चोरी : रविवार रात को ही आनंद विहार के एक मकान में छत पर बने स्टोर रूम से चोरी हो गई है। पीड़ित विपिन अरोड़ा ने बताया कि उनके मकान के पीछे एक निर्माणाधीन मकान है। इसके अंदर से चोर सीढ़ियों के जरिए छत पर होकर हमारे मकान की छत पर पहुंचा। उसने छत पर बने स्टोर रूम के गेट के ताले को तोड़कर अंदर रखा करीब 15 से 20 हजार रुपए कीमत का सामान चुरा लिया। छत से घर के अंदर उतरने की सीढ़ियों का गेट मजबूत होने के कारण चोर इसे तोड़ नहीं पाया। इस संबंध में मीरा चौक चौकी प्रभारी नरेश कुमार को सूचित किया गया। उन्होंने टीम को आसपास के सीसीटीवी कैमरे देखने को लगाया है।