फसल खराबे के चलते जिले के 11 हजार 747 किसान 31 मार्च तक 43 करोड़ रुपए का फसली ऋण नहीं चुका पाए। ऐसे किसानों को अब सहकारी बैंक ने 15 मई तक भुगतान का आखिरी मौका दिया है। इस अवधि में ऋण चुकाने पर किसानों को करीब 4 करोड़ रुपए के ब्याज भार से राहत मिल सकेगी। भरतपुर केन्द्रीय सहकारी बैंक ने खरीफ 2025 के दौरान 64 हजार 590 किसानों को 257 करोड़ रुपए का अल्पकालीन फसली ऋण वितरित किया था। इसकी अदायगी की अंतिम तिथि 31 मार्च 2026 निर्धारित थी, लेकिन तय समय तक 52 हजार 843 किसान ही करीब 215 करोड़ रुपए चुका सके। शेष किसानों पर करीब 43 करोड़ रुपए बकाया रह गया। अब बैंक ने बकाया किसानों को राहत देते हुए अदायगी की अवधि 15 मई 2026 तक बढ़ा दी है। यदि इस तिथि तक ऋण जमा कर दिया जाता है तो किसानों को ब्याज अनुदान का लाभ मिलेगा, अन्यथा ब्याज की राशि भी किसानों से ही वसूल की जाएगी। इस संबंध में कार्यालय रजिस्ट्रार सहकारी समितियां राजस्थान जयपुर की अतिरिक्त रजिस्ट्रार (बैंकिंग) ज्योति गुप्ता ने निर्देश जारी किए हैं। इसमें खरीफ 2025 के अल्पकालीन फसली ऋणों की अदायगी तिथि 31 मार्च से बढ़ाकर 15 मई 2026 या ऋण लेने की तिथि से 12 माह, जो भी पहले हो, निर्धारित की गई है। ब्याज में 4 करोड़ तक की मिलेगी राहत भास्कर एक्सप्लेनर - अब लोन चुकाने के लिए डेडलाइन बढ़ी जानिए किसानों के हर सवाल का जवाब 1. सवाल- बेमौसम बारिश के कारण लोन चुकाना मुश्किल है, नहीं चुकाया तो क्या होगा? जवाब: फसली लोन समय पर चुकाना जरूरी है। यदि तय अवधि तक लोन नहीं चुकाया गया तो ब्याज अनुदान का लाभ नहीं मिलेगा और 2 प्रतिशत दंडनीय ब्याज सहित पूरा ब्याज किसान को ही देना होगा। 2. सवाल: सोसायटी के व्यवस्थापक हड़ताल पर हैं, लोन कैसे जमा करें? जवाब: किसान व्यवस्थापकों पर निर्भर न रहें। वे सीधे संबंधित सहकारी बैंक में जाकर अपना फसली लोन जमा कर सकते हैं। 3. सवाल: सीधे बैंक में लोन जमा कराने पर भी ब्याज में छूट मिलेगी? जवाब: हां, यदि किसान 15 मई 2026 तक सीधे बैंक में लोन जमा करता है तो भी उसे ब्याज अनुदान का लाभ मिलेगा। 4. सवाल: अगर लोन नहीं चुकाया तो क्या अगली फसल के लिए नया लोन मिलेगा? जवाब: नहीं, जब तक पिछला फसली लोन चुकता नहीं होगा, तब तक नया ऋण स्वीकृत नहीं किया जाएगा। 5. सवाल: फसल बीमा का मुआवजा मिलने के बाद लोन चुकाया जा सकता है? जवाब: बैंक के लिए अंतिम तिथि लोन लेने की दिनांक से एक वर्ष या 15 मई 2026 जो भी पहले ही मान्य है। मुआवजा कब मिलेगा, इससे बैंक का कोई संबंध नहीं है। एक्सपर्ट: नरेश शुक्ला, प्रबंध निदेशक, सहकारी बैंक भरतपुर