राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस पर शहर में बुधवार को 5 किमी मैराथन दौड़ आयोजित की गई। बारां पुलिस, बारां रनर्स क्लब एवं मोशन इंस्टिट्यूट की ओर से आयोजित दौड़ में शहरवासियों ने उत्साह से भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एएसपी राजेश चौधरी ने झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया। एएसपी चौधरी ने कहा कि फिटनेस केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक सशक्त समाज के निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से खेल एवं व्यायाम को जीवन का हिस्सा बनाने की बात कही। दौड़ का प्रारंभ खेल संकुल से किया गया, जिसमें शहर के सैकड़ों नागरिकों ने भाग लिया। इस अवसर पर युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने भी पुलिस के साथ कदम से कदम मिलाकर दौड़ लगाई। आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना, युवाओं को नशे एवं गलत प्रवृत्तियों से दूर रखना तथा पुलिस और जनता के बीच आपसी विश्वास और सहयोग को मजबूत करना रहा। आयोजन के दौरान अनुशासन एवं सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए। साथ ही सामाजिक सरोकार को ध्यान में रखते हुए पक्षियों के लिए कई स्थानों पर परिंडे भी बांधे गए। दौड़ पूर्ण होने के बाद सभी प्रतिभागियों को मेडल देकर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में पुलिस प्रशासन, बारां रनर्स क्लब के सदस्यों का योगदान रहा।