प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच इस बार ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। जहां कॉलेज शिक्षा में 61 दिन का अवकाश रखा है, वहीं स्कूली शिक्षा में इसे घटाकर 35 दिन कर दिया। इस अंतर को लेकर शिक्षक संगठनों ने सरकार की नीति पर सवाल उठाए हैं और इसे असंतुलित निर्णय बताया है। शिक्षा विभाग में पहले स्कूली ग्रीष्मकालीन अवकाश 17 मई से 30 जून तक यानी 45 दिन का होता था, लेकिन इस बार इसे 10 दिन कम कर दिया। इसके विपरीत कॉलेज शिक्षा में 1 मई से 30 जून तक अवकाश यथावत 61 दिन का रखा गया है। 18 मई को रामगंजमंडी में प्रदर्शन का ऐलान विरोध को आगे बढ़ाते हुए शिक्षक संगठनों ने आंदोलन की घोषणा की है। राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) के कार्यकारी अध्यक्ष नवीन कुमार शर्मा ने कहा कि आंदोलन की शुरुआत शिक्षामंत्री मदन दिलावर के विधानसभा क्षेत्र रामगंजमंडी से होगी। 18 मई को यहां विशाल रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।