राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय जैतपुर में रविवार को 70वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि छाण प्रशासक लौटंती देवी तथा विशिष्ट अतिथि विशाल सिंह चौधरी, खेलकूद प्रभारी तेजसिंह जाट, छाण प्रधानाचार्य कमलेश जांगिड़ और जैतपुर प्रधानाध्यापक धनजीत बैरवा रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। खेल प्रभारी कन्हैया लाल सैनी ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से आए कुल 341 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के तहत अलग-अलग खेलों की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। बोलीवाल में छात्र वर्ग की 13 टीमें और छात्रा वर्ग की 3 टीमें भाग ले रही हैं। वहीं तैराकी में 17 तथा जूडो में 13 छात्र-छात्राएं अपना दमखम दिखा रहे हैं। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह नजर आया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है।