पंचायती राज चुनाव में निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान कराने के लिए पीपाड़ शहर और सालवा खुर्द पंचायत समिति क्षेत्रों के 71 बूथ क्रिटिकल घोषित किए गए हैं। इनमें पीपाड़ के 33 और सालवा खुर्द के 38 बूथ शामिल हैं। इन केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाप्ता, विशेष निगरानी दल और मोबाइल पार्टियां तैनात रहेंगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदान के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने और मतदाताओं को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, पीपाड़ पंचायत समिति में 9 लोकेशन भवनों के 33 बूथ और सालवा खुर्द में 8 लोकेशन भवनों के 38 बूथ क्रिटिकल श्रेणी में रखे गए हैं। रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम नेमाराम रॉयल ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मतदाता बिना किसी दबाव के अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें, इसके लिए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जा रहे हैं। इन गांवों के बूथों पर विशेष निगरानी : पीपाड़ पंचायत समिति क्षेत्र में रियां, जवासिया, तिलवासनी, सिंधीपुरा, नानण, चिरढाणी, खारिया आनावास और रतकुड़िया के चिन्हित बूथों पर विशेष चौकसी रहेगी। वहीं, सालवा खुर्द पंचायत समिति क्षेत्र में बाड़ा कलां, रामड़ावास कलां, कूड़, सालवा खुर्द, साथीन, कोसाणा, खवासपुरा और खांगटा के बूथों को क्रिटिकल सूची में शामिल किया गया है। पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग : सरपंच प्रत्याशी इंद्रा सेठू पूरी गोस्वामी की अगुवाई में एक शिष्टमंडल ने एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी नेमाराम रॉयल और पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इसमें चुनाव चिह्न आवंटन की रात, प्रचार अभियान और मतदान दिवस के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा असामाजिक तत्वों पर नजर रखने की मांग की गई, ताकि गांवों में आपसी भाईचारा बना रहे और मतदान शांतिपूर्ण हो। दोनों पंचायत समितियों का चुनावी गणित : पीपाड़ पंचायत समिति क्षेत्र में 65,305 मतदाता हैं। इनमें 33,916 पुरुष और 31,389 महिलाएं हैं। यहां 22 ग्राम पंचायतें, 15 पंचायत समिति वार्ड, 4 जिला परिषद वार्ड, 22 सरपंच पद और 214 वार्ड पंच पद हैं। वहीं सालवा खुर्द में 65,773 मतदाता हैं। इनमें 34,296 पुरुष और 31,477 महिलाएं हैं। यहां 21 ग्राम पंचायतें, 15 पंस वार्ड, 4 जिला परिषद वार्ड, 21 सरपंच पद और 199 वार्ड पंच पद हैं। दोनों क्षेत्रों में 1,31,078 मतदाता हैं।