रणथंभौर नेशनल पार्क के नियमों की अवहेलना करने पर पर्यटन डीएफओ ने 95 सफारी वाहनों के पार्क में प्रवेश पर रोक लगाते हुए जुर्माना किया है। 21 वाहनों को गति सीमा का उल्लंघन मामले में चेतावनी देकर छोड़ा है। भविष्य में एक से अधिक बार नियम तोड़ने पर सफारी वाहनों को ब्लैक लिस्ट व पंजीकरण निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। रणथंभौर के उपवन संरक्षक पर्यटन संजीव शर्मा ने 12 मार्च से 7 अप्रैल के बीच सफारी वाहनों की स्पीड की जांच की। इस दौरान 95 सफारी वाहन निर्धारित गति सीमा 40 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक चलते पाए गए, जिन्हें अग्रिम आदेशों तक पार्क में प्रवेश से प्रतिबंधित किया है। इसके अलावा 21 वाहनों को पहली बार गति सीमा उल्लंघन करने पर चेतावनी देकर छोड़ा है। 15 सफारी वाहनों में जीपीएस सिस्टम एक्टिव नहीं मिलने पर जीपीएस चालू होने तक पार्क में प्रवेश पर रोक लगाई है। वन अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई पर्यटकों, वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई है। साथ ही सभी सफारी वाहन चालकों को चेतावनी दी है कि सफारी के दौरान विभागीय नियमों का पालन करें, अन्यथा कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।