भास्कर संवाददाता | चूरू एसीबी की चूरू इकाई ने रतननगर पालिका के तत्कालीन कार्यवाहक ईओ मुकेश नागर के खिलाफ रिश्वत मांगने का मामला दर्ज किया। नागर पर एक पट्टा जारी करने के बदले परिवादी से 25 हजार रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी के एएसपी महावीर प्रसाद शर्मा ने बताया कि रतननगर के परिवादी ने शिकायत दर्ज करवाई थी। परिवादी की रतननगर में कृषि भूमि थी, जिसका आवासीय परिवर्तन करवाने के लिए उसने पालिका में फाइल लगाई थी। पट्टे की फीस भी जमा करवा चुका था। इसके बावजूद तत्कालीन कार्यवाहक ईओ नागर पट्टा देने के बदले 50 हजार रुपए की मांग कर परेशान कर रहा था। सत्यापन में हुआ खुलासा, पर ट्रैप से बच गया आरोपी : एएसपी शर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने पर एसीबी के सीआई महेंद्र कुमार ने सत्यापन करवाया। सत्यापन के दौरान आरोपी नागर पट्टा जारी करने के एवज में 25 हजार रु. लेने पर सहमत हो गया। एसीबी रंगे हाथों पकड़ने की तैयारी में थी, इसी बीच पालिकाध्यक्ष का कार्यकाल पूरा हो गया। ईओ पद पर दूसरे अधिकारी ने कार्य संभाल लिया। इसके बाद नागर ने पट्टा बनाने से इनकार कर दिया, जिससे ट्रैप की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। एएसपी ने बताया कि रिश्वत की मांग की पुष्टि पहले ही हो चुकी थी। कार्रवाई की रिपोर्ट तैयार कर जयपुर ब्यूरो मुख्यालय भेजी। मुख्यालय से आदेश मिलने के बाद अब आरोपी नागर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। एएसपी शर्मा ने अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो शिकायत करनी चाहिए। ब्यूरो के हैल्पलाइन नंबर 1064, वॉट्सएप नंबर 9413502834 या चूरू एएसपी के मोबाइल नंबर 9468728774 पर शिकायत कर सकते हैं।