भास्कर न्यूज | टोंक ककोड़ चौकी के सुनसान इलाके में रविवार सुबह एक पुलिसकर्मी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक टोंक के वार्ड नंबर 4 तुम्बीपुरा निवासी कांस्टेबल भागचंद (30) पुत्र कालूराम सैनी है। मृतक के सीने पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। इससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। परिजनों ने अवैध बजरी माफियाओं पर हत्या का आरोप लगाया है। शव टोंक पहुंचने पर सआदत अस्पताल की इमर्जेंसी के बाहर माली समाज के लोगों ने करीब 2 घंटे धरना-प्रदर्शन किया। दूसरी तरफ पुलिस जांच में जुटी है। सुबह करीब सवा 7 बजे गांव के कुछ बच्चे जंगल की ओर गए। वहां उन्होंने भागचंद को खून से लथपथ अवस्था में पड़ा देखा। बच्चों ने ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। इसके बाद 5-7 ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही उनियारा पुलिस और बनेठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एसपी, एएसपी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौका मुआयना किया। उनियारा डीएसपी आकांक्षा कुमारी ने बताया कि कांस्टेबल भागचंद ककोड़ चौकी पर तैनात था और शनिवार रात नियमित गश्त पर निकला था। घटना रात करीब 3 बजे के आसपास की है। सैनी की अंतिम यात्रा पूरे सम्मान के साथ निकाली गई। बहीर स्थित माली समाज के श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया, जहां 21 माह के मासूम बेटे के हाथों मुखाग्नि दिलाई। भागचंद पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था और वर्ष 2022 में उसका विवाह हुआ था। उसका एक 21 माह का बेटा है। पिता कालूराम सैनी ने बताया कि वह एक मई को ही छुट्टी समाप्त कर ड्यूटी पर लौटा। सुबह 11 बजे बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सआदत अस्पताल लाए तो परिजन व माली समाज के लोग इमरजेंसी के बाहर एकत्रित हो गए। एक करोड की आर्थिक मदद, हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी सहित अन्य मांगों के लिखित आश्वासन के बाद ही शव उठाने की बात कही। दोपहर 12:30 बजे पूर्व कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान, पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता, पूर्व जिलाध्यक्ष गणेश माहूर, पूर्व सभापति लक्ष्मी जैन, प्रभु बाड़ोलिया, माली समाज से पांचू लाल सैनी, तनीषा सनातनी, कमलेश सिंगोदिया आदि ने प्रशासनिक अधिकारियों से पीएमओ ऑफिस में वार्ता की। आधा घंटा चली वार्ता के बाद धरना समाप्त कर दिया। एएसपी रतनलाल ने कहा कि परिजनों को 1 करोड़ 10 लाख से ज्यादा की राशि, राजकीय सामान के साथ अंतिम संस्कार, एक परिजन को सरकारी नौकरी दी जाएगी। ^मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना में किस प्रकार के हथियार का उपयोग हुआ, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। -राजेश मीना, एसपी, टोंक।