भास्कर संवाददाता| चूरू शहर में रविवार दोपहर को 32 वर्षीय विवाहिता पर सीलिंग फैन टूटकर गिर गया। हादसे में विवाहिता के कान में गंभीर चोट आई, जबकि उनकी 3 साल की बेटी सुरक्षित बच गई। परिजनों ने बताया कि दूधवामीठा निवासी दीपा अपनी बेटी के साथ पीहर आई हुई थी। रविवार दोपहर वह कमरे में सो रही थी, तभी अचानक फैन टूटकर उस पर गिर गया। पंखे की ब्लेड से दीपा का कान एक तरफ से कट गया, जिससे खून बहने लगा। पंखा गिरने की आवाज सुनकर परिजन तुरंत कमरे में पहुंचे। घायल दीपा को तुरंत डीबी अस्पताल ले जाया गया। स्टाफ ने दीपा का इलाज किया। फिलहाल, विवाहिता की हालत सामान्य बताई जा रही है।