भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा गारनेट का अवैध खनन करने वालों से वसूली के मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों को पुर सीआई कन्हैयालाल प्रजापत ने गुरुवार को कोर्ट में पेश किया। वहां कोर्ट ने इन आरोपियों को दो दिन के और पुलिस रिमांड पर सौंपा। प्रारंभिक तौर पर इन आरोपियों के बीच 7.40 लाख रुपए के ट्रांजेक्शन सामने आए हैं। इन लोगों ने ये राशि कोटड़ी क्षेत्र के दो दर्जन लोगों से वसूले थे। गारनेट खनन करने वालों से अवैध वसूली को लेकर कोटड़ी थाने में दर्ज मामले में गिरफ्तार आरोपी शिवसुंदरनगर निवासी अजय पांचाल, उदलियास निवासी नंदसिंह, मोहनपुरा निवासी नारायण गुर्जर और सालरिया खुर्द निवासी कालू गुर्जर को गुरुवार दोपहर कोर्ट में पेश किया गया। दो दिन तक पूछताछ और रिमांड अवधि खत्म होने के बाद 11 अप्रैल को वापस कोर्ट में पेश किया जाएगा। अब तक 7.40 लाख रुपए की रिकवरी करने के बाद अब पुलिस पूछताछ कर रही है कि किन-किन लोगों से राशि वसूल की जानी थी। कइयों से नहीं कर पाए पूरी वसूली पुलिस ने इलेक्ट्रोनिक्स व्यवसायी सौरभ काष्ट को भी इन मामले में साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। बताया कि काष्ट के शोरूम पर जो 7.40 लाख रुपए का बंटवारा हुआ था। वह दो दर्जन लोगों से वसूल किए गए थे। वसूली के लिए गारनेट का अवैध खनन करने वाले 38 लोगों की जो लिस्ट बनाई गई थी। प्रत्येक से 30-30 हजार रुपए की वसूली की जानी थी। उनमें से कई लोगों से पूरी राशि वसूल नहीं कर पाए। वाट्सएप चैटिंग से तय होता कि कौन किससे पैसा लेकर आएगा या लेकर आया। पुलिस अब इन 38 लोगों से भी पूछताछ करेगी कि किससे कब संपर्क किया गया था और कितनी राशि मांगी या वसूली गई। जिन थाना प्रभारियों व पुलिस​कर्मियों ने आईपीएस उपाध्याय के नेतृत्व में कार्रवाई की, उनपर भी कार्रवाई की तलवार लटक रही है।