शहर में चोर-उचक्के किस कदर बेखौफ हैं, इसकी बानगी रविवार को जैन समाज के संत के चातुर्मास प्रवेश के दौरान दिखी। जब सवीना सब्जी मंडी से गवरी चौक तक सैकड़ों श्रद्धालुओं की शोभायात्रा निकाली जा रही थी और सुरक्षा के लिए पुलिस जाब्ता भी तैनात था, ठीक उसी वक्त 4 शातिर औरतों ने भीड़ का फायदा उठाकर 6 वृद्धाओं के गले से करीब 8 तोले के सोने के जेवर (4 चेन और 2 मंगलसूत्र) पार कर दिए। वारदात का पता कार्यक्रम खत्म होने के बाद चला। हालांकि यह सब ड्रोन कैमरे में कैद हो गया, जिसमें बदमाश महिलाएं वारदातें करती दिखाई दे रही हैं। भीड़ में शामिल हुईं 4 बदमाश महिलाओं ने 50 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को निशाना बनाया। इनमें नेमीनाथ कॉलोनी निवासी लीलादेवी सिंघवी, सर्वऋतु विलास निवासी इंद्रादेवी जैन, गोवर्धन विलास निवासी रेणुका, संगीता सिंघवी, मधुकांता और स्लीधा जैन शामिल हैं। पीड़िताओं ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने जांच शुरू की है। मामले में एएसपी उमेश ओझा ने बताया कि आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। धक्का देकर ध्यान भटकाते हैं, जेवर पार करते ही तीसरी महिला को थमाते हैं बदमाश शहर पुलिस पहले भी भीड़ और शोभायात्रा में चेन काटने वाले गिरोह को पकड़ चुकी है। ऐसी बदमाश महिलाएं भीड़ में गिरोह बनाकर साथ चलती हैं। इसमें एक महिला पहले धक्का देकर पीड़ित का ध्यान भटकाती है, दूसरी तुरंत चेन काट लेती है और तीसरी महिला जेवर लेकर भीड़ में गायब हो जाती है। इसी वजह से पीड़ित को तुरंत वारदात का पता नहीं चलता। घर के बाहर से लेकर सड़क तक... ये वारदातें भी बढ़ा रही शहर में खौफ आगे बड़ी चुनौती : चार दिन बाद ही सबसे बड़ी जगन्नाथ रथयात्रा, शहर का सबसे बड़ा आयोजन शहर में 4 दिन बाद सबसे बड़ी जगन्नाथ रथयात्रा निकलेगी। इसके रूट में शामिल वॉलसिटी के जगदीश चौक से लेकर घंटाघर, बड़ा बाजार, मोचीवाड़ा, भड़भूंजा घाटी से लेकर आरएमवी रोड, गुलाब बाग मार्ग, पैलेस रोड, भट्‌टीयानी चौहट्‌टा तक हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ रहेगी। पुलिस खुद मान और बता चुकी है कि ऐसे आयोजनों में दूसरे राज्यों और शहरों के गिरोह वारदात करने पहुंचते हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल होते हैं। अपराधी अमूमन नाबालिगों को चोरियों के लिए तैयार करते हैं, जिन पर कोई एकाएक शंका भी नहीं करता। काम की बात भीड़ में जेवर-कैश ले जाने से बचें