भास्कर संवाददाता | चूरू घांघू गांव की राजस्थान ग्रामीण बैंक में शनिवार देर रात शॉर्ट सर्किट से इलेक्ट्रिक रूम में आग लग गई। इससे 18 बैटरी, एक यूपीएस व एक इनवर्टर जल गया। कुछ रजिस्टर व दस्तावेज भी जल गए। ग्रामीण की सजगता से बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार रात करीब 11.45 बजे गांव के सफी मोहम्मद गांधी बैंक के सामने से जा रहे थे, तभी उन्हें बैंक में साइरन बजने की आवाज सुनाई दी। उन्हें लगा कि चोर घुस गए हैं। बैंक के पास जाकर देखा तो उन्हें ताले लगे हुए और दरवाजे बंद मिले। उन्होंने गांव के कुछ लोगों को बुलाया और बैंक मैनेजर लभुराम को सूचना दी। बैंक मैनेजर, कार्मिक मनीषा प्रजापत व मनोज कुमार मौके पर पहुंचे और ताले खोले। अंदर इलेक्ट्रिक रूम में आग का पता चला। करीब आधे घंटे तक पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। करीब एक बजे दमकल को सूचना दी गई। रात 2 बजे चूरू से दमकल पहुंची और 15 मिनट में आग पर काबू पाया।