मौसम ने शुक्रवार को यू-टर्न लिया। शुक्रवार को अक्टूबर का सबसे ठंडा दिन दर्ज हुआ। दिन का अधिकतम तापमान एक ही दिन में 6 डिग्री गिरकर 23 डिग्री पर आ गया। इससे एक दिन पहले गुरुवार को तापमान 29 डिग्री था। अक्टूबर में अब तक दिन का तापमान 30 से 35 डिग्री के बीच बना हुआ था। अचानक आए इस बदलाव ने लोगों को दिसंबर जैसी हल्की सर्दी का अहसास करा दिया। अर्नब चक्रवात के कारण के असर से यह बदलाव हुआ। हालांकि, दिन के तापमान में बड़ी गिरावट के उलट रात का पारा 2.5 डिग्री चढ़ गया। न्यूनतम तापमान 16.8 से बढ़कर 19.3 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम के इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ का असर माना जा रहा है। दिनभर आसमान में घने बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलती रहीं। शुक्रवार को धूप भी नहीं निकली। मौसम ऐसा बदला कि दिवाली से पहले ही लोगों को गर्म कपड़े निकालने पड़े। पूरे अक्टूबर में दिन के समय गर्मी और रात में हल्की ठंडक का दौर चल रहा था। लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम ने अचानक करवट ले ली। जिले के आसपास के कुछ इलाकों में बारिश भी हुई। बादलों और ठंडी हवाओं ने दिन के तापमान को नीचे ला दिया। आगे... दो दिन पश्चिमी विक्षोभ का भी असर मौसम विभाग के अनुसार पाकिस्तान की ओर से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ राजस्थान सहित उत्तरी भारत को प्रभावित कर रहा है। इसके साथ अर्नब साइक्लोन का असर बताया जा रहा है। जिले और जिले के आसपास के कई हिस्सों में बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना है। अगले दो दिन तक मौसम में बदलाव बना रह सकता है। बादलों की आवाजाही से दिन का तापमान और गिर सकता है, जबकि रात का न्यूनतम तापमान बढ़ने की संभावना है।