भीलवाड़ा | नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई। लोगों का आरोप है कि पुख्ता सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से यह हादसा हुआ। पांसल चौराहे पर कार्रवाई के दौरान केबिन जब्त होने के डर से 23 वर्षीय महावीर सेन खुद ही हाइड्रो मशीन की मदद से केबिन हटाने लगा। इस दौरान संतुलन बिगड़ने से भारी केबिन सीधे उसके सिर पर आ गिरी। मौके पर मौजूद लोग महावीर को महात्मा गांधी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के विरोध में समाजजनों ने जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर प्रदर्शन कर मुआवजे की मांग रखी। लोगों ने चेताया कि उनकी मांगें नहीं मानने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। महावीर सेन पुलिस लाइन के पीछे कॉलोनी में रहता था।