भारतमाला रोड पर पालनपुर से मजदूरी कर गुरुवार की अलसुबह करीब 5.30 बजे अपने परिवार के पास लौट रहे मजदूरों की स्विफ्ट कार को अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। एक अन्य युवक की स्थिति गंभीर है। जानकारी के अनुसार हादसे में देवाराम पुत्र सिद्धाराम सुथार, निवासी सुथारों का तला, दीनगढ़ तहसील धनाऊ, गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। टक्कर की आवाज सुनकर मौके पर दौड़े ग्रामीणों और स्थानीय युवाओं ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला। जब देवाराम को मलबे से निकाला गया, तब उनकी सांसें चल रही थीं। ग्रामीणों ने उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। उन्होंने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रेफर करने की तैयारी की। अंदरूनी और गंभीर चोटों के कारण देवाराम ने दम तोड़ दिया। वहीं, कार में सवार एक अन्य घायल युवक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे इलाज के लिए रेफर किया गया है।