पंचायतीराज चुनाव के मद्देनजर जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी के तहत डीएसटी और पीपाड़ शहर थाना पुलिस ने 25 अक्टूबर को संयुक्त कार्रवाई कर रियां सेठारी निवासी रामदयाल देवासी को अवैध देशी पिस्टल व मैग्जीन के साथ गिरफ्तार किया। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा: पुलिस के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक पंकज के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वर कड़ेला के सुपरविजन में डीएसटी को अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी दौरान डीएसटी कमांडो सोहनराम को सूचना मिली कि रामदयाल पिस्टल लेकर रियां से नाथूनगर जाने वाले रास्ते पर घूम रहा है। सहायक उपनिरीक्षक श्रवणकुमार भंवरिया के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी में उसके कब्जे से देशी पिस्टल व मैग्जीन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पीपाड़ शहर थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। उसके विरुद्ध पहले भी विभिन्न धाराओं में तीन प्रकरण दर्ज हैं। कार्रवाई में डीएसटी और पीपाड़ शहर थाना पुलिस की टीमें शामिल रहीं। पुलिस अधीक्षक पंकज ने कहा कि चुनाव के दौरान अवैध हथियार रखने और सोशल मीडिया पर उनका प्रदर्शन कर भय फैलाने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।