आबूराज के देलवाड़ा स्थित अग्रेश्वर महादेव मंदिर परिसर में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। सेवा सप्ताह के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में 155 छायादार और फलदार पौधे लगाए गए। यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय तुलसीगिरी महाराज के सान्निध्य में और महंत निरंजन गिरी महाराज एवं जोधपुर प्रांत संयोजक दीपक प्रजापत के नेतृत्व में हुआ। इसमें अरावली पर्वतमाला के संरक्षण और पर्यावरण बचाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में साधु-संतों, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और स्थानीय श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सभी ने पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प भी लिया। पौधों के संरक्षण का किया आह्वान इस अवसर पर महंत निरंजन गिरी महाराज ने कहा, "यदि प्रकृति सुरक्षित रहेगी तो पूरी दुनिया सुरक्षित रहेगी। प्रकृति के बिना कुछ भी नहीं बचेगा।" उन्होंने हर व्यक्ति से अरावली पर्वतमाला और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान "एक पेड़ मां के नाम" और "हरित भारत–स्वस्थ भारत" जैसे संदेश दिए गए। देशवासियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने की अपील की गई। इस मौके पर जैसाराम महाराज, दलपत सिंह, भलाराम देवासी, मगन प्रजापत, प्रहलाद प्रजापत, लक्ष्मण प्रजापत, आनंद प्रजापत, नरेंद्र आदिवाल, राकेश शर्मा, कैलाश, शैतानसिंह, राहुल और पूरणसिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे।