सीकर | शेखावाटी विश्वविद्यालय में प्रवेश से जुड़ी दिक्कतों व दस्तावेज जमा कराने की समय-सीमा को लेकर स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) की शेखावाटी विवि इकाई ने विरोध प्रदर्शन किया और कुलसचिव के नाम ज्ञापन सौंपा। एसएफआई के बैनर तले विद्यार्थियों ने विवि प्रशासन के सामने विरोध जताते हुए प्रभावित विद्यार्थियों को राहत देने की मांग की। ज्ञापन में एसएफआई ने कहा कि यूजी छठे सेमेस्टर की री-इवेल्यूएशन का परिणाम जारी नहीं होने से विद्यार्थियों को मार्कशीट नहीं मिल पाई। साथ ही कॉलेजों में मूल मार्कशीट उपलब्ध नहीं होने व एलएलएम सेमेस्टर प्रथम के विद्यार्थियों के एलएलबी फाइनल सेमेस्टर का परिणाम जारी नहीं होने के कारण भी विद्यार्थियों को मार्कशीट, टीसी व सीसी से संबंधित समस्याएं आ रही हैं। वार्ता के बाद दस्तावेज जमा कराने की अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया गया। इस दौरान अमित, संदीप, प्रियंका, भावना, अमन, पुनीत, विकास, दक्ष, हर्षित सहित अन्य विद्यार्थी थे।