मित्रपुरा| थाना क्षेत्र के जाटलाव गांव में खेत की तारबंदी में करंट प्रवाहित करने से गाय की मौत होने का मामला सामने आया है। पशुपालक ने पड़ोसी पर जानबूझकर करंट लगाकर गाय की हत्या करने का आरोप लगाते हुए मित्रपुरा थाने में परिवाद देकर कार्रवाई की मांग की है। परिवाद के अनुसार जाटलाव निवासी हेमराज (31) पुत्र जगदीश मीणा ने बताया कि वह खेती के साथ गाय, भैंस और बकरी पालन कर परिवार का भरण-पोषण करता है। उसका पड़ोसी से जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा है। आरोप है कि पड़ोसी उसके पशुओं को चारागाह में जाने से रोकता था। हेमराज ने बताया कि सोमवार शाम करीब 6 बजे पड़ोसी ने अपने खेत की लोहे की तारबंदी में बिजली का करंट प्रवाहित कर दिया। गाय खेत की ओर चली गई। आरोप है कि गाय को बाहर भगाने के दौरान वह करंट प्रवाहित तारों के संपर्क में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मंगलवार को मित्रपुरा थाने के हेड कांस्टेबल विष्णु प्रताप सिंह जादौन ने बौंली पशु चिकित्सालय के चिकित्सा अधिकारी को पत्र भेजकर मृत गाय का पोस्टमार्टम कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।