कोटा में देर रात 2-3 बाइक पर सवार होकर आए 5-6 बदमाशों ने नशे की हालत में जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने कई मकानों और घरों के बाहर खड़ी कारों और बाइकों में लाठी-डंडों, सरियों और पत्थरों से जमकर तोड़फोड़ की। वारदात से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। पूरी घटना का वीडियो कॉलोनी के एक युवक ने अपने मोबाइल के कैमरे में कैद कर लिया। वारदात बोरखेड़ा थाना क्षेत्र के आदर्श विहार कॉलोनी में सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे की है। सूचना के बाद मौके पर बोरखेड़ा थाना पुलिस के पहुंचने से पहले ही बदमाश वहां से भाग गए। फिलहाल कॉलोनीवासियों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। हालांकि, पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। पहले देखिए, वारदात से जुड़ी 2 PHOTO'S बदमाशों ने कॉलोनी में जमकर मचाया उत्पात एसआई ज्योति मौर्य ने बताया कि देर रात बाइक और अन्य वाहनों से आए बदमाशों ने कॉलोनी में जमकर उत्पात मचाया। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मौके से मिले वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। कार्तिक सिंह नाम के युवक से था पुराना विवाद मौके पर पहुंचे एएसआई लतीफ मोहम्मद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाश नशे की हालत में थे। उनका किसी कार्तिक सिंह नाम के युवक से पुराना विवाद था और उसी के साथ मारपीट करने के इरादे से इलाके में पहुंचे थे। जब पुलिस को सूचना मिली और टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी वहां से भाग निकले। भागते समय उन्होंने दूसरी कॉलोनी में भी जमकर तोड़फोड़ की और पत्थरों-सरियों से मकानों के कांच, कारों और बाइकों को नुकसान पहुंचाया। पीड़ितों की ओर से पुलिस को शिकायत दे दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और वीडियो की मदद से आरोपियों की पहचान कर रही है।