कांग्रेस मुख्यालय की जगह पूर्व सीएम अशोक गहलोत के बंगले पर बीएपी कार्यकर्ताओं को पार्टी जॉइन कराने पर प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने तंज कसा। डोटासरा ने गहलोत का बिना नाम लिए कहा- कोई व्यक्ति अपनी ब्रांडिंग के लिए काम करे वह उनको मुबारक हो। गोविंद डोटासरा कांग्रेस के लिए काम करता है। जब तक कांग्रेस में हूं कांग्रेस के लिए काम करूंगा, व्यक्ति की ब्रांडिंग के लिए मैं काम नहीं करूंगा। इससे पहले पूर्व सीएम के बंगले पर पूर्व मंत्री महेंद्रजीत मालवीय के साथ आए कार्यकर्ताओं ने गहलोत को चौथी बार सीएम बनाने की मांग वाले नारे लगाए। इसके बाद कार्यकर्ताओं को लेकर मालवीय प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। वहां मालवीय जब भाषण देने लगे तो डोटासरा ने माइक लेकर कहा- यहां वो मुख्यमंत्री वाले नारे मत लगाना, व्यक्ति की बात मत करना अन्यथा पहले वाली बात हो जाएगी। कांग्रेस में व्यक्तिवाद होने के सवाल पर डोटासरा ने इशारों में तंज कसते हुए कहा- उसका नुकसान पार्टी ने झेल लिया। एक बार सरकार में आते हैं एक बार नहीं आते हैं। हम में से किसी न किसी की तो कोई कमी रहती होगी। कमियों को दूर करके हम आगे बढ़ेंगे, अभी हम सब एक हैं। डोटासरा बोले- यह मालवीय को देखना था क्या ठीक था क्या नहीं प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय की जगह पूर्व सीएम अशोक गहलोत के बंगले पर बीएपी कार्यकर्ताओं के कांग्रेस जॉइन करने के सवाल पर डोटासरा ने मीडिया से कहा- अशोक गहलोत भी पूर्व मुख्यमंत्री हैं, जॉइनिंग उन्होंने कराई है क्या? जॉइनिंग तो महेंद्रजीत मालवीय ने कराई है, अच्छी बात है। मैं तो मोटिवेशन देने आया हूं। मैं कब कह रहा हूं, वह इनको अच्छा लगा, मैं तो पार्टी का हूं। पार्टी का कार्यकर्ता अगर मुझे कहता है कि मैं कांग्रेस के दफ्तर में आया हूं तो मेरा धर्म बनता है, मैं उन तमाम कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का स्वागत करूं। यह तो इनकी (मालवीय) सोच है कि क्या करना चाहिए, क्या ठीक था, इनको (मालवीय) चिंता नहीं है तो मेरे को चिंता नहीं है। कांग्रेस का दुपट्टा पहनकर कोई बीजेपी वाला भी आए तो मेरे लिए भगवान बराबर डोटासरा ने कहा- मुझे तो कांग्रेस का दुपट्टा पहना हुआ आदमी यहां आता है, वह चाहे कितना ही बड़ा बीजेपी का आदमी रहा हो, वह मेरे लिए भगवान के बराबर है कि वह कांग्रेस की मजबूती के लिए काम करेगा। महेंद्रजीत मालवीय कांग्रेस छोड़कर गए थे, न एमएलए बन पाए न एमपी डोटासरा ने मालवीय की मौजूदगी में उन पर तंज कसते हुए कहा- महेंद्रजीत मालवीय भी गए थे, वापस आ गए। कांग्रेस के बिना इनकी भी पार नहीं पड़ी। बीजेपी में जाकर न एमएलए बने, न एमपी। कांग्रेस के बिना इनका भी कुछ नहीं है और दोबारा पता लगा लो। आज ही कह दें कि वह दोबारा दूसरी पार्टी से लड़ रहे हैं, अगर यह जीत कर आ जाएं तो मेरा नाम बदल देना। मैंने उस वक्त भी कहा था, मैंने चैलेंज दिया था कि नहीं जीतेंगे। मालवीय को वापस कांग्रेस में लेने की सिफारिश भी मैंने ही की थी। मैं सिफारिश नहीं करता तो कांग्रेस में वापस नहीं आते, कब आते मुझे पता नहीं, लेकिन मुझे पता है कि व्यक्ति में दम है। गलती हो गई, इन्होंने गलती स्वीकार कर ली तो मैंने इनको फिर से कांग्रेस जॉइन करवा दी। मैं नहीं कहता गहलोत,पायलट से बड़ा हूं, लेकिन मैं पार्टी चला रहा हूं डोटासरा ने कहा- अब मालवीय किसको भी लाएं, कांग्रेस में ला रहे हैं तो मैं इनका और उनके साथ आए हुए तमाम लोगों का स्वागत करूंगा। यह जिस दिन कांग्रेस के खिलाफ काम करेंगे मैं उनके साथ काम नहीं करूंगा। मेरा सीधा फंडा है। मेरा इधर-उधर का नहीं है। वह पायलट साहब हों, चाहे गहलोत साहब हों, मैं नहीं कहता मैं उनसे बड़ा हूं लेकिन मैं पार्टी चल रहा हूं, जो भी पार्टी का कार्यकर्ता बनकर मेरे यहां आ रहा है मैं उसका स्वागत करूंगा। गहलोत को चौथी बार सीएम बनाने के नारे पर डोटासरा ने तंज कसा पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय की अुगवाई में आदिवासी इलाके से आए बीएपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस जॉइन की। गहलोत के बंगले पर हुए इस सियासी जमावड़े के दौरान कार्यकर्ताओं ने गहलोत के चौथी बार सीएम बनाने के नारे लगाए। गहलोत के बंगले पर जॉइनिंग के बाद मालवीय अपने साथ कार्यकर्ताओं को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय लेकर गए। आम तौर पर दूसरी पार्टी के कार्यकर्ताओं की जॉइनिंग प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में होती है।