भास्कर न्यूज | दौसा पंडित नवल किशोर शर्मा इंग्लिश मीडियम स्कूल दलेलपुरा (दौसा) में राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार विशेष जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत नशा मुक्ति एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट डॉ. रिचा कौशिक रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, नशे की लत से बचाव तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए हानिकारक है। नशीले पदार्थों का सेवन, खरीद-फरोख्त एवं तस्करी कानूनन दंडनीय अपराध है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने बड़ी उत्सुकता से अपने प्रश्न पूछे, जिनका मुख्य अतिथि ने सरल तरीके से उत्तर दिया। विद्यालय के निदेशक आशुतोष शर्मा एवं प्रधानाचार्य डॉ. पूनम शर्मा ने मुख्य अतिथि एवं उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत किया और उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक एवं कानूनी चेतना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की ओर से नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेने के साथ हुआ।