राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन जोधपुर की ओर से एडवोकेट शीतल कुंभट व अधिवक्ता मुक्तेश माहेश्वरी का अभिनंदन किया गया। एडवोकेट शीतल ने दुनिया के प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता प्रतियोगिता विज मूट में जज के रूप में भाग लेकर भारत का मान बढ़ाया। जबकि एडवोकेट मुक्तेश माहेश्वरी ने लक्षद्वीप के कवरत्ती द्वीप के पास समुद्री सीमा में 100 मीटर गहराई में जाकर तिरंगा फहराकर एक अनूठा रिकॉर्ड बनाया। एसोसिएशन के महासचिव डॉ. अरुण झाझड़िया ने बताया कि दोनों को अध्यक्ष दिलीप सिंह उदावत ने साफा पहनाकर व बुके भेंट कर सम्मानित किया। अन्य पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर बधाई दी। इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारी, बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के सदस्य, वरिष्ठ एवं युवा अधिवक्ताओं के साथ बड़ी संख्या में महिला अधिवक्ता भी मौजूद रहीं।